जनवाणी ब्यूरो |
मोदीपुरम: छठी वाहिनी पीएसी मेरठ का स्थापना दिवस 2025 गुरुवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर वाहिनी परिसर में आयोजित बड़े खाने का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा। जिसमें उच्चाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ अनुभाग कल्पना सक्सेना वाहिनी में आयोजित बड़े खाने में सम्मिलित हुईं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने कर कमलों से जवानों को भोजन परोसा तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इससे जवानों में विशेष उत्साह और अपनत्व का भाव देखने को मिला। इसके बाद पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा आयोजन की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी गई।
साथ ही वहां उपस्थित अनुचरों और बैंड कर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं उत्साहवर्धन हेतु नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपसेनानायक आलोक दुबे, सहायक सेनानायक अवनीश गौतम, शिविरपाल आशीष तिवारी, अश्वनी दलनायक आदि मौजूद रहे।

