- बोली, बयां नहीं कर पाई सच्चाई
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: गैंगरेप की घटना में सलाखों के पीछे पहुंचे मुख्य आरोपी की रिहाई के लिए उसके परिजनों ने पीड़िता को धमकी और शादी कराने का प्रलोभन देकर कोर्ट में पक्षद्रोही बना दिया। न्यायालय में 164 सीआरपीसी के अंतर्गत कलमबद्ध हुए बयान में पीड़िता ने आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव गगसोना में विगत दिनों हुई गैंगरेप की घटना में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब पीड़िता ने 164 सीआरपीसी के अंतर्गत कोर्ट में दिए गए बयानों में सभी आरोपियों को क्लीन चिट दे दी। हालांकि अब पीड़िता द्वारा भय और दबाव के चलते कोर्ट में गलत बयान देने की बात कही जा रही है।
पीड़िता के मुताबिक गत दिवस पुलिस द्वारा उसको 164 सीआरपीसी के अंतर्गत बयान दर्ज कराने के लिए कचहरी ले जाया गया था। अपने बयान में पीड़िता ने चारों आरोपियों को क्लीन चिट दे दी है। कलमबद्ध बयानों में उसने एफआईआर का खंडन किया है।
पीड़िता ने अपने पिता को बताया है कि आरोपी का बड़ा भाई कचहरी में था। उसने उसे धमकी देकर भयभीत कर दिया। साथ ही जेल में बंद अपने भाई के साथ उसकी शादी कराने का प्रलोभन देकर कोर्ट में उसे पक्ष द्रोही बना दिया। पीड़िता का आरोप है कि दबाव में वह सच्चाई बयान नहीं कर पाई।
अब पीड़िता के पिता द्वारा न्याय के लिए 164 सीआरपीसी के अंतर्गत पुन: बयान दर्ज कराए जाने की गुहार लगाई जा रही है। स्कूल अभिलेखों के मुताबिक पीड़िता की आयु 14 वर्ष बताई जा रही है। आयु का सही आंकलन करने के लिए पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।

