- गंगनहर पटरी पूरी तरह शिवमय हो गई, गंगनहर पटरी बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रही
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: आस्था का मेला यानी कांवड़ यात्रा अपने पूरे रस पर आ चुकी है। गंगनहर पटरी पूरी तरह शिवमय हो गई है। गंगनहर पटरी बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रही है। गुरुवार को कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी से बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जत्थे गुजरे। कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी पर आस्था के मेले में अजब गजब नजारे देखने को मिल रहे हैं। शिवभक्त तमाम मन्नतें मन में लेकर कांवड़ लिए चले जा रहे हैं। कांवड़ियों का जोश देखते ही बन रहा है। हजारों की संख्या में पटरी से कांवड़ियां गुजर रहे हैं।
जिससे पटरी पूरी तरह केसरिया हो गई है। कांवड़ लाने वालों में युवाओं की सबसे अधिक संख्या देखने को मिल रही है। इसके अलावा महिला, बुजुर्ग, बच्चें और दिव्यांग भी कांवड़ लागे से पीछे नहीं हैं। कांवड़िये जयकारे लगाते हुए एक-दूसरे का जोश बनाकर आगे बढ़ रहे हैं। पटरी बम-बम भोले के जयकारों से गूंज रही है। जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। गुरुवार को गंगनहर पटरी से बड़ी संख्या में कांवड़ियों के जत्थे गुजरे। वहीं, सेवादार भी कांवड़ियों की सेवा करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
भोजन कराने के साथ ही उनके पैर दबाकर धर्म लाभ उठा रहे हैं। फिलहाल राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा आदि राज्यों के कांवड़िया पटरी से गुजर रहे हैं। जो कांवड़ियां सेवा शिविरों में नहीं रुक रहे हैं, सेवादार उन्हें रास्ते में ही फल, खीर आदि का प्रसाद ग्रहण करा रहे हैं। वहीं, सुरक्षा की दृष्टि से पटरी पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। इसी के साथ अधिकारी भी लगातार पटरी पर गश्त करके व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सीडीओ नूपुर गोयल ने अटेरना, नानू व सरधना पुल पर व्यवस्था का जायजा लिया।
उमस वाली गर्मी ने किया बुरा हाल
बारिश के बाद धूप निकलना कांवड़ियों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है। एक दिन पूर्व बारिश होने के बाद गुरुवार को धूप निकली तो उमस वाली गर्मी ने कांवड़ियों की परीक्षा ली। गर्मी को देखते हुए दिन के समय कांवड़ियों ने सेवा शिविरों में आराम करना ठीक समझा। सुबह व शाम के समय कांवड़िया अधिक सफर तय कर रहे हैं।
सीएमओ ने किया चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कांवड़ियों को हर समय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करने के लिए कांवड़ यात्रा के मार्ग पर 31 शिविर लगाए हैं। इनमें अधिकांश चिकित्सा शिविर चौधरी चरण सिंह गंग नहर कांवड़ पटरी पर लगाए गए हैं। गुरुवार की शाम मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अशोक कटारिया ने कांवड़ पटरी मार्ग पर शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों व स्टाफ को ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसी भी गंभीर रूप से बीमार या घायल कांवड़िये को तुरंत एम्बूलेंस से जिला अस्पताल या मेडिकल कालेज भेजने के निर्देश भी दिए। दवाइयां व मरहम पट्टी आदि कम न होने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों व स्टाफ को पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी देने के निर्देश दिए। सीएमओ ने गंभीर रूप से बीमार या घायल शिवभक्त को तुरंत एम्बुलेंस से जिला अस्पताल या मेडिकल कालेज भेजने के निर्देश दिए। इससे पूर्व उन्होंने पीएचसी जानी का भी निरीक्षण किया।
माता-पिता की लंबी आयु के लिए दो बेटे लाए कांवड़
कंकरखेड़ा: कांवड़ यात्रा में कांवड़ियों और कांवड़ के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कोई भगवान में आस्था तो कोई मनोकामना पूरी होने पर कांवड़ ला रहे हैं। वहीं, गाजियाबाद के कांवड़िये दो भाइयों ने माता-पिता की लंबी आयु के लिए कांवड़ लेकर हरिद्वार से गाजियाबाद के लिए गुरुवार को कंकरखेड़ा में हाइवे से निकले। गाजियाबाद निवासी मोहित और अरुण ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि वह माता-पिता को साथ लेकर कांवड़ लेकर आए। बुजुर्ग माता-पिता अस्वस्थ है। जिस वजह से वह माता-पिता की लंबी आयु के लिए कांवड़ हरिद्वार से घर गाजियाबाद जा रहे हैं। कांवड़ पर माता-पिता की बड़ी फोटो है। कांवड़ को दोनों भाई बारी-बारी से उठाकर चलते हैं।
एनएच-58 पर बढ़ने लगी शिवभक्तों की भीड़
मोदीपुरम: एनएच-58 पर कांवड़ यात्रा धीरे-धीरे प्रवान चढ़ने लगी है। हाइवे धीरे-धीरे केसरिया रंग में रंगने लगा है। बोल बम बम का उद्घोष लेकर शिवभक्त अपनी डगर की ओर बढ़ रहे हैं। अभी दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के शिवभक्तों की भीड़ है। हाइवे पर शिवभक्तों के आगमन को लेकर जगह-जगह सेवा शिविर भी लग गए हैं। बढ़ती कांवड़ियों की आमद को देखते हुए हाइवे से रूट डायवर्जन भी पुलिस द्वारा कर दिया गया है। बड़े वाहनों का प्रवेश बंद है। अभी छोटे वाहन हाइवे पर चल रहे हैं। आने वाले दो से तीन दिन बाद इन वाहनों का भी आवागमन हाइवे से बंद हो जाएगा।
ट्रेनों में उमड़ी कांवड़ियों की भीड़
मेरठ: गुरुवार को दिल्ली से हरिद्वार के बीच संचालित ट्रेन संख्या 04323 कांवड़ मेला स्पेशल ट्रेन में सिटी स्टेशन व कैंट स्टेशन से सैकड़ों कांवड़िये बम, बम भोले के उद्घोष करते हुए सवार हुए। उक्त ट्रेन यात्रियों से फुल नजर आई। दिल्ली से हरिद्वार के लिए संचालित की गई मीमो ट्रेन में तीन-तीन अतिरिक्त जनरल डिब्बे लगाए जाने के बावजूद उसमें यात्रियों की भीड़ देखी गई। इसके अलावा 14 एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों यात्रियों की भीड़ उमडंÞी। इन ट्रेनों में बड़ी संख्या में अन्य यात्री भी सवार हुए।
राइट सलावा माइनर पटरी पर भोलों का आवागमन शुरू
सरूरपुर: राइट सलावा माइनर पटरी पर भोलों का आवागमन शुरू हो गया। मुजफ्फरनगर के नावला से लेकर सीधे पूरा महादेव जाने वाली राइट सलावा माइनर पटरी पर सरूरपुर और रोहटा क्षेत्र से लाखों कांवड़िये गुजरते हैं। दो दिन बाद इस पटरी पर काफी भीड़ नजर आएगी। हालांकि इक्का-दुक्का भोले के भक्त आने भी शुरू हो गए हैं। इसको लेकर कांवड़ मार्ग पटरी पर अभी आधी अधूरी तैयार की गई है। बल्ली लगा दी गई है। कुछ स्थानों पर लाइट भी लगा दी गई है। कांवड़ शिविर को मंजूरी मिल चुकी है।

