- एक अप्रैल से 10 और वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा प्रबंधन की तैयारी
- एक माह में एक वार्ड का सर्वे कार्य भी कंपनी नहीं कर पायी है पूरा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नगर निगम की कूड़ा प्रबंधन योजना को शहर में लागू हुए करीब एक माह का समय पूर्ण हो चुका है, मगर इसका हाल यह है कि अब तक चयनित 15 वार्ड में से एक वार्ड का सर्वे कार्य बीवीजी कंपनी पूर्ण नहीं कर सकी है। इसके बावजूद आगामी एक अप्रैल से पहले चरण के बचे दस वार्डों में भी स्कीम को शुरु करने की तैयारी है, जबकि पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर लिए गए पहले वार्डों की व्यवस्था अभी तक पटरी पर नहीं आ पायी है।
विभाग और कंपनी की ओर अभी तक कूड़ा कलेक्शन के नाम पर काम कम दिखावा अधिक होता ही दिखाई दे रहा है। गौरतलब है कि विगत 15 फरवरी से शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की योजना को परवान चढ़ाने के लिए सर्वे कार्य प्रारंभ किया गया था। इसकी शुरुआत बकायदा नगरायुक्त मनीष बंसल ने साकेत से मकानों पर क्यूआर कोड चस्पा कर की थी।
घर-घर सर्वे कार्य के लिए निजी कंपनी बीवीजी ने अपने सर्वेयर की टीम को लगाया था। इस दौरान नगर निगम प्रशासन की ओर से दावा किया गया था कि दो सप्ताह में पहले चरण के 25 वार्डों का सर्वे कंपनी द्वारा पूर्ण कर लिया जाएगा, मगर आधी-अधूरी तैयारी के बीच ही बिना सर्वे का कार्य पूर्ण किये ही कंपनी ने कूड़ा उठाना प्रारंभ कर दिया था। जिसका नतीजा यह है कि अभी कंपनी की सर्वेयर टीम एक वार्ड का सर्वे पूर्ण नहीं कर सकी है।
नगर निगम के पास नहीं सर्वे का डाटा
डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए शहर में निजी कंपनी द्वारा किए जा रहे सर्वे का विभागीय अधिकारियों के पास कोई अधिकारिक डाटा उपलब्ध नहीं है। इस योजना के प्रभारी अधिकारी ब्रजपाल सिंह ने इस संबंध में कोई भी अधिकारिक जानकारी देने में असमर्थता जताई है। उनका कहना है कि अभी तक कंपनी ने पूरा डाटा उपलब्ध नहीं कराया है। होली को अवकाश होने के कारण डाटा एकत्रित नहीं किया जा सका है। अगले कुछ दिनों में डाटा की पूरी जानकारी को जुटाया जाएगा।
अभी शहर के इन क्षेत्रों में शुरु है योजना
घर-घर से कूडा प्रबंधन की योजना अभी शहर के 15 वार्ड में शुरू है। जिनमें वार्ड-चार शेरगढ़ी, 16 अजन्ता कालोनी, मंगल पांडे नगर, 17 अब्दुल्लापुर, 20 कसेरुखेड़ा, डिफेंस कालोनी, 24 कसेरुबक्सर, 26 तेजगढ़ी, शास्त्रीनगर, 29 सुभाष नगर, 32 सिविल लाइन साकेत, 37 गंगानगर, 44 मोहनपुरी, 46 यादगारपुर, 50 नंगला बट्टू, पांडव नगर, 53 शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्किट, 58 सूरजकुंड रोड व वार्ड-60 फूलबाग कालोनी का इलाका शामिल है।

