- आईजी-डीआईजी समेत मुजफ्फरनगर व मेरठ के तमाम अधिकारी पहुंचे
- दिनभर अधिकारियों के आने का सिलसिला रहा जारी
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: सलावा में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों ने तैयारी तेज कर दी है। दो जनवरी को होने वाले प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के शिलान्यास कार्यक्रम के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर आईजी व डीआईजी समेत मुजफ्फरनगर और मेरठ के तमाम अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा। रूट से लेकर मैदान को तैयार कराने और हैलीपेड, पार्किंग सभी व्यवस्था का खाका तैयार करने का काम किया गया। पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर अधिकारी डटे रहे।

पहले शिलान्यास कार्यक्रम की प्रस्तावित तारीख चार जनवरी बताई जा रही थी। मगर अब इसमें बदलाव करते हुए दो जनवरी तय की गई है। यानी नए साल के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेल विवि का शिलान्यस करने सलावा पहुंचेंगे। इसके लिए अधिकारियों ने दिन-रात तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर पूरे दिन अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा।
आईजी व डीआईजी के अलावा मुजफ्फरनगर के डीएम, एसएसपी, सीडीओ, एसडीएम, मेरठ एसपी देहात, एसडीएम सरधना समेत तमाम अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर डेरा डाले नजर आए। कार्यक्रम स्थल के रूट का जायजा लेने के साथ ही मंच से लेकर, हैलीपेड, पार्किंग आदि चीजों पर अधिकारियों ने मंथन किया। पूरे दिन यहां अधिकारियों के आने का सिलसिला लगा रहा। वहीं मैदान को साफ करने का कार्य किया गया।
मैदान को साफ करने में जुटे
जिस मैदान पर पीएम व सीएम का कार्यक्रम होना है, उसके आसपास काफी झाड़ उगी हुई है। शुक्रवार को मैदान साफ करने के लिए सरधना के अलावा सरूरपुर, रोहटा, दौराला आदि ब्लॉक के कर्मचारी लगे रहे।

सलावा झाल को जा रहा चमकाया
शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम स्थल के साथ ही आसपास के इलाके को चमकाने का काम कराया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल से लगे सलावा झाल को भी दुरुस्त कराने का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को जेसीबी के साथ कर्मचारी झाल के किनारे को ठीक करने में लगे रहे।

