- होमगार्ड ड्यूटी वाहन को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर कलक्ट्रेट परिसर से किया रवाना
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: गाजियाबाद में पंद्रह अप्रैल को होने वाले पंचायत चुनाव के लिए बागपत से 393 होमगार्ड को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर बस से रवाना किया। सभी से कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए ड्यूटी करने के निर्देश दिए। डीएम राज कमल यादव ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर से त्रिस्तरीय पंचायत के प्रथम चरण 15 अप्रैल को गाजियाबाद में होने वाले मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से कलक्ट्रेट परिसर बागपत से होमगार्ड ड्यूटी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला कमांडेंट होमगार्ड नीता भरतीया ने सभी होमगार्ड्स को यह भी निर्देश दिए कि अलर्ट होकर ड्यूटी करें पैनी नजर के साथ। उन्होंने कहा सभी को अपने दिए हुए दायित्वों का कर्तव्य निष्ठा ईमानदारी लगन तत्परता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करना है। जिला कमांडेंट द्वारा सभी होमगार्डों को इलेक्शन ड्यूटी के बारे में ब्रीफ किया गया।
बताया कि जनपद गाजियाबाद के प्रथम चरण के मतदान कराए जाने के लिए जनपद बागपत के आज 393 होमगार्ड रवाना हुए। जिन सभी को मास्क व सैनिटाइजर दिया गया और कोविड-19 गाइडलाइन का अनुपालन किए जाने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा सभी होमगार्ड कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन करें और दो गज की दूरी की ध्यान रखे। प्रत्येक होमगार्ड के पास अपना सैनिटाइजर, मास्क अवश्य हो। उन्होंने कहा सभी जवानों को अन्य लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी स्वास्थ्य सुरक्षा का भी अवश्य ध्यान रखना है और कोरोना गाइडलाइन का अनुपालन करना है।

