- शामली से भाकियू कायकर्ता दिल्ली के लिए रवाना
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में रवाना हुए।
कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन समेत देशभर के विभिन्न किसान संगठन दिल्ली में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में यूपी गेट पर धरना-प्रदर्शन कर रहे भाकियू के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के यूपी गेट पर मोर्चा संभाल रखा है।
बुधवार को भाकियू नेता मास्टर जाहिद के नेतृत्व में शहर के गुरूद्वारा तिराहे से बड़ी संख्या में किसान यूनियन के कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। भाकियू नेता मास्टर जाहिद ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में देशभर के विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ता कड़ाके की ठंड में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार अपनी हठधर्मिता दिखा कर किसानों की उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक कृषि कानून निरस्त नहीं होंगे धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

इस अवसर पर नदीम चौहान, जगपाल सिंह, राशिद, अमरदीप, श्रीराम शर्मा, इसराइल, आरिफ, नीटू आदि समेत बड़ी संख्या में किसान रवाना हुए।
कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का उपवास
शामली बुधवार को आदर्शमंडी थाना क्षेत्र के गांव टिटौली में चौधरी चरण सिंह जयंती के अवसर पर केन्द्र सरकार द्वारा बनाये गए नये कृषि कानून का विरोध करते हुए किसानों ने उपवास रखा। उन्होने दिल्ली में आन्दोलन कर रहे किसानों को अपना समर्थन दिया। इस अवसर पर किसान यूनियन के अध्यक्ष सवित मलिक, योगेश कुमार, रिशीपाल, सुनील कुमार, प्रवीन कुमार, शेर सिंह, मांगेराम, संजीव कुमार लिलौन, नरेश पाल आदि मौजूद रहे।

