- परतापुर थाना क्षेत्र में की मुठभेड़, दूसरा शूटर फरार, मौके से बाइक और पिस्टल बरामद
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेडिकल थानांतर्गत एल ब्लॉक शास्त्रीनगर में दिनदहाड़े हुई प्रदीप शर्मा की हत्या के आरोपी शूटर समीर को परतापुर थाना क्षेत्र के लाल क्वार्टर क्षेत्र में एसओजी ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। जबकि दूसरा शूटर फरार हो गया।
बुधवार को मोटर साइकिल सवार शूटरों के द्वारा प्रदीप शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। थाना नौचंदी पुलिस द्वारा नीतू शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो नीतू शर्मा द्वारा बताया गया कि हत्या से पांच दिन पहले आरोपी नीतू के भाई दीपांशू ने समीर को बुलवाकर षड्यंत्र रचा और एक लाख 50 हजार रुपये का लालच देकर अपने पति प्रदीप शर्मा की हत्या करा दी।

समीर उम्र करीब 25 वर्ष पुत्र सगीर निवासी ग्राम गेसुपुर थाना भावनपुर करीब छह माह पूर्व मृतक प्रदीप शर्मा के घर पर किरायेदार था तथा तब से नीतू के सम्पर्क में था। दूसरा अभियुक्त मनीष शर्मा पुत्र रविन्द्र शर्मा निवासी ग्राम भटीपुरा थाना किठौर समीर के सम्पर्क में था। हत्या से 2-3 दिन पहले दोनो ने रैकी की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवाण ने आरोपियों को पकड़ने के लिये थाना नौचंदी व एसओजी टीम को निर्देश दिये थे। थाना नौचंदी व एसओजी टीम ने शूटर समीर की गिरफ्तारी के लिये परतापुर में लाल क्वार्टर के पास की धेराबंदी की गई तो समीर के द्वारा पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया गया। जवाबी कार्यवाही में समीर गोली लगने से घायल हो गया।
समीर उपरोक्त के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर व एक बाइक बरामद की गई। इसका एक साथी मनीष शर्मा पुत्र रविन्द्र शर्मा मौके से फरार हो गया। बरामद बाइक शूटरों के द्वारा प्रदीप शर्मा की हत्या करने के उद्देशय से थाना भावनपुर क्षेत्र से लूटी गयी थी। इस संबंध में भावनपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। शूटर समीर चोरी के मामले में जेल भी जा चुका है। इसके खिलाफ जानलेवा हमले और लूट के मुकदमे दर्ज हैं।

