- दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का प्रयास
- पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: दहेज में पांच लाख रुपये और कार की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी ससुराल वालों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। कोतवाली क्षेत्र के सलावा गांव निवासी युवती की शादी वर्ष 2019 में हरड़ थाना भवन शामली निवासी युवक के साथ हुई थी। युवती के परिजनों ने शादी में काफी दान दहेज दिया था। मगर इसके बाद भी ससुराल वाले विवाहिता का उत्पीड़न कर रहे थे। आरोप है कि भूखा प्यासा कमरे में बंद रखते। कुछ दिन से आरोपी दहेज के रूप में एक कार व पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
मांग पूरी नहीं होने पर बीती 20 फरवरी को आरोपियों ने विवाहिता की बेरहमी से पिटाई की। आरोप है कि फांसी लगाकर हत्या का प्रयास भी किया। उसने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोप विाहिता को सलावा के बाहरी छोर पर डालकर फरार हो गए। पीड़िता ने कोतवाली पहुंच कर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोप पति रोशन पुत्र बिजेंद्र, सास राजेशदेवी तथा हरि सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पति की यातनाओं से परेशान पत्नी ने खाई नींद की गोलियां
मेरठ: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फिरोज नगर में एक युवक ने पत्नी को इस कदर परेशान किया कि उसे नींद की गोलियां खाने को मजबूर होना पड़ा। एसएसपी आॅफिस में पहुंचे परिजनों ने बताया कि खुशबू निवासी भूमियापुल की शादी करीब 1 वर्ष पूर्व फिरोजनगर निवासी सादिक के साथ हुई थी। पीड़ित खुशबू का आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद ही पति सादिक ने महिला को परेशान करना शुरू कर दिया।
अस्पताल में भर्ती खुशबू ने बताया कि उसका पति उसे बंधक बनाकर रखता है। कितने-कितने दिन तक खाना भी नहीं खाने देता। पीड़ित खुशबू ने बताया कि जब वह भूख से परेशान थी तो उसने कबाड़ी को घर में रखा सामान बेच दिया और उससे मिले 60 रुपए से खाने का सामान मंगा लिया। मामले की जानकारी पति को हुई तो आरोपी सादिक ने महिला के साथ जमकर मारपीट कर दी। जिसके चलते महिला ने निकट के मेडिकल स्टोर से नींद की गोलियां ली।
इसके बाद भारी तादाद में गोलियां खा ली। इसी दौरान महिला आरोपी पति के खिलाफ नशे की हालत में ब्रह्मपुरी थाना पहुंची। पुलिस ने मामला लिसाड़ी गेट थाने का बताकर महिला को टाल दिया। घर पहुंचने के थोड़ी देर बाद ही महिला की हालत बिगड़ गई। मायके वाले अस्पताल गए और मामले की जानकारी लेकर आरोपी पति के खिलाफ लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मुरलीपुर में गर्भवती महिला पर कार चढ़ाने का किया प्रयास, घायल
कंकरखेड़ा: मुरलीपुर गांव में बुधवार देर रात नशे में धुत एक युवक ने महिला पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हो गई। मारपीट में एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। घायल गर्भवती महिला को परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव निवासी इंशाद ने बुधवार देर रात थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वह पत्थर लगाने का काम करता है। बुधवार रात उसकी गर्भवती पत्नी घर के बार खड़ी थी। इसी बीच उसके पड़ोस में रहने वाला एक युवक नशे की हालात में कार लेकर आ रहा था। आरोप है कि आरोपी युवक ने नशे की हालात में उसकी पत्नी पर कार चढ़ाने का प्रयास किया।
जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह समझा-बुझाकर दोनों पक्षों को शांत कर दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी युवक अपने साथ एक दर्जन से अधिक हमलावरों को लेकर आ गया। जहां हमलवरों ने पीड़ित के घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव में आई घर के महिलाओं के साथ भी हमलावरों ने जमकर अभद्रता की। मारपीट में पीड़ित पक्ष की तरफ से गर्भवती महिला सहित पांच लोग चोट लगने से घायल हो गए।
हमलावर अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों को नामजद करते हुए थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। गर्भवती महिला को उपचार के लिए शोभापुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौर ने कहा कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है।

