- सैनिक स्कूल खुलने से छात्रों को सेना में जाने का मिलेगा मौका
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: अगर कमिश्नर के पत्र को शासन ने गंभीरता से लिया तो हस्तिनापुर को बहुत जल्द सैनिक स्कूल का तोहफा मिल जाएगा। इसके लिये कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह ने पहल करते हुए राजकीय इंटर कालेज हस्तिनापुर को सैनिक स्कूल में परिवर्तित करने का प्रस्ताव संस्तुति के साथ शासन को भेजा है।
आयुक्त सुरेन्द्र सिंह ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए एक सैनिक स्कूल खोले जाने की संस्तुति सहित प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को प्रेषित किया गया। जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज, हस्तिनापुर को सैनिक स्कूल में परिवर्तित किये जाने का निर्णय लिया गया है। अब तक मेरठ मंडल में कोई सैनिक स्कूल संचालित नही था।
सैनिक स्कूल खोले जाने से मेरठ मंडल के छात्रों को भारतीय सैना में जाने के सुखद अवसर का मार्ग प्रशस्त होगा। आयुक्त द्वारा कार्यअवधि के दौरान मेरठ मंडल मेरठ में सीबीएसई बोर्ड, नई दिल्ली से सम्बद्धता के लिए कुल 29 विद्यालयों को अनापत्ति प्रमाण-पत्र पारदर्शी तरीके से प्रदान किया गया।
मेरठ मंडल में सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों को आॅनलाइन अनापत्ति प्रमाण-पत्र दिये जाने हेतु प्रक्रिया प्रथम बार प्रारम्भ करायी गयी। जिससे मेरठ मंडल में सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों को अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए पारदर्शी प्रक्रिया के अन्तर्गत कार्रवाई की जा रही है।

