- दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों के लिए चंदा एकत्रित किया
जनवाणी संवादाता |
सरूरपुर: कस्बा करनावल के बंगले वाले मंदिर में पिछले 24 दिनों से किसानों का धरना जारी रहा। अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे किसानों ने बुधवार को कृषि बिल के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर डटे आंदोलनरत किसानों के मदद के लिए कस्बे में घर-घर घूमकर चंदा व राशन सामग्री एकत्र की। किसानों ने धरने के दौरान कहा कि वे पीछे हटने वाले नहीं है तथा सरकार को झुका कर ही पीछे हटेंगे।
धरने के दौरान किसानों ने हुंकार भरते हुए कहा कि 26 जनवरी की तैयारियां जोरों से चल रही है तथा ऐतिहासिक ट्रैक्टर मार्च निकालने के लिए रिहर्सल किया जा रहा है। आंदोलनरत किसानों के लिए धरने पर बैठे किसानों ने कस्बे व आसपास के गांवों में घर-घर जाकर धन के रूप में चंदा इकट्ठा किया और खाद्य सामग्री भी जमा की। किसानों का कहना है कि गुरुवार को खाद्य सामग्री का चंदा एकत्र कर दिल्ली बॉर्डर पर किसानों के लिए भेजा जाएगा। वहीं दूसरी और वक्ताओं ने कहा कि अब यह किसान और नहीं जन जन का आंदोलन बन गया है इसमें किसानों के साथ अन्य लोग भी जुड़ते जा रहे हैं।

