- भाकियू ने मेरठ-करनाल हाइवे पर किया धरना-प्रदर्शन
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: भारतीय किसान यूनियन शामली के पदाधिकारियों ने हरियाणा के हिसार में किसानों पर की गई लाठी चार्ज के विरोध में मेरठ-करनाल नेशनल हाइवे पर बिडौली पुल पर बेमियादी धरना-प्रदर्शन कर जाम लगाया गया। बाद में डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर धरना-प्रदर्शन खत्म किया।
रविवार को भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान के नेतृत्व में मेरठ-करनाल नेशनल हाइवे पर बिडौली पुल पर धरना-प्रदर्शन कर जाम लगाया गया। जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान का कहना था कि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के द्वारा हिसार में किसानों पर बर्बरता से लाठी चार्ज किया गया।
जिसके विरोध में बेमियादी धरना-प्रदर्शन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए किसानों की रिहाई और दोषी पुलिसकर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
भाकियू के धरना-प्रदर्शन और जाम लगाने की सूचना पर एसडीएम ऊन मणि अरोरा और सीओ सिटी प्रदीप सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और उनकी बात उच्चाधिकरियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद भाकियू पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंप कर धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया।
धरने में जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान, नगराध्यक्ष शामली योगेंद्र सिंह, प्रमोद पटवारी, चौधरी अनिल, सुखपाल, प्रमाल, अरविंद खोडसमा, स्वराज मलिक, राजकुमार खोडसमा, विपिन कुमार, ओमपाल, राहुल अहमदपुर, अश्वनी कुमार शर्मा आदि उपस्थित रहे।

