जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: गंगानगर थाना क्षेत्र के गांव अम्हेड़ा आदिपुर में मंगलवार की रात शान की खातिर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को गांव के पास र्इंख के खेत में फेंक दिया गया। बुधवार को शव पड़ा होने की सूचना पर गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर एसपी देहात, सीओ सदर देहात, फोरेंसिक टीम और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल की फोटोग्राफी और निरीक्षण के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने युवती के पिता और चचेरे भाई के अलावा चार-पांच अन्य को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
गांव अम्हेडा आदिपुर निवासी संजय कुमार का पुत्र हर्ष (21) मजदूरी करता था। मंगलवार शाम वह काम से लौटा और परिजनों को कुछ देर बाद घर आने की बात कहकर चला गया, लेकिन रात तक भी वह वापस घर नहीं पहुंचा। हर्ष के घर वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी रात में ही तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। बुधवार की सुबह गांव के समीप ईंख के खेत में हर्ष का गोली लगा शव पड़ा मिला। सूचना पर परिजनों के अलावा एसपी देहात डॉ. राकेश मिश्रा, सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह, फोरेंसिक टीम तथा गंगानगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हर्ष का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के कमर के पीछे से दाएं ओर गोली लगी है। साथ ही, शव के पास तमंचा तथा पानी की बोतल भी मिली। फोरेंसिक टीम ने फोटोग्राफी की। साथ ही, पुलिस ने तमंचा कब्जे में लिया। इसके बाद ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की हत्या का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा। एसपी देहात डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि गांव अम्हेड़ा के समीप एक युवक का गोली लगा शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर गांव की युवती से प्रेम प्रसंग के चलते हत्या किए जाने का आरोप दो आरोपियों पर लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
हर्ष का शव देख मां के सूखे आंसू
गांव अम्हेड़ा आदिपुर में जब हर्ष की गोली मारकर हत्या की खबर उसके घर पहुंची तो पिता संजय कुमार और मां रोशनी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचें। मां बेटे का शव सीने से लगाकर दहाड़े मारकर रोने लगी, लेकिन उसकी आंखों के आंसू सूख चुके थे। वह रोते हुए कुछ लोगों पर अपने बेटे की हत्या किए जाने के आरोप लगा रही थी। मृतक के भाई हनी ने बताया कि हर्ष घर से खेलने के लिए कहकर गया था, उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि हर्ष वारदात की रात में करीब एक बजे अपने घर पर फोन किया था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई थी।
रंजिश का फायदा दूसरों ने तो नहीं उठाया
पुलिस की अब तक की जांच में जो बात निकलकर आ रही है, उससे प्रेम प्रसंग का एक और एंगल निकलकर आ रहा है। इसलिए पुलिस ने दूसरे एंगल पर कार्य करते हुए 4-5 अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। कयास लाए जा रहे हैं कि हर्ष के एक से अधिक युवती से प्रेम प्रसंग थे। सोमवार को युवती के भाई ने हर्ष को थप्पड़ मार दिया था। इसका पता सभी को था इसलिए इस रंजिश का फायदा दूसरे भी उठा सकते हैं।
युवती का पिता और चचेरे भाई हिरासत में
गंगानगर थाना पुलिस ने युवती के पिता रविंद्र सिंह तथा चचेरे भाई अंशुल को हिरासत में लिया है। इन दोनों पर ही हर्ष की गोली मारकर हत्या किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस चाचा-भतीजे से पूछताछ कर रही है। कई घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला, जिससे यह दावा किया जा सके कि हर्ष की हत्या रविंद्र व अंशुल ने ही की है।
युवती के पिता ने दो दिन पहले दी थी तहरीर
युवती के पिता रविंद्र ने सोमवार को हर्ष के खिलाफ गंगानगर थाने पर तहरीर दी थी। पिता का आरोप था कि कई बार समझाने के बाद भी हर्ष अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। इसके चलते उसने आज भी उसकी बेटी से फोन पर बात की। जिस पर युवती के भाई ने हर्ष की पिटाई कर दी थी। साथ ही, आए दिन युवती को परेशान करने के आरोप भी हर्ष पर लगाए थे। तहरीर मिलने पर गंगानगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी, लेकिन हर्ष पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गया था।
तमंचे के साथ वायरल हुआ था वीडियो
सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मई के प्रथम सप्ताह में हर्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वह तमंचा लहरा रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने हर्ष को गिरफ्तार कर उसका 25 आर्म्स एक्ट में चालान किया था।

