जनवाणी संवाददाता |
खतौली: सोमवार अल सुबह कावड़ पटरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। जबकि आधा दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गये। वही हादसे की सूचना पर मौके पर पहुचीं कोतवाली पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। वही मृतको के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। सुबह के भोर में घने कोहरे के कारण सड़क हादसे से कावड़ पटरी मार्ग पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने दोनों श्रतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कर यातायात चालू कराया। उधर हादसे में घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया है। मृतक जानसठ क्षेत्र से कोल्हुओं से गन्ने की खोई खरीदने का कार्य करते थे।

सोमवार की अल सुबह चौधरी चरण सिंह कावड़ पटरी मार्ग पर समीप गांव पलड़ा के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज गति के केंटर ने सामने से आ रही मेली से भरी टेक्टर ट्राली में केंटर को घुसा दिया। इस भीषण हादसे में केंटर सवार शादाब पुत्र टोनी व तैमूर पुत्र बाबू निवासी गांव खिवाई थाना सरूर पुर जनपद मेरठ चालक महराज पुत्र गुलफाम, सलमान पुत्र शौकीन, समेत टेक्टर ट्राली सवार आधा दर्जन आबिद पुत्र ताहिर, हमीद पुत्र यासीन, रिजवान पुत्र मुश्ताक, गुलरेज पुत्र मुबारिक गांव जौला थाना बुढाना के निवासी लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। वही हादसे के बाद कावड़ पटरी मार्ग पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। घायलों की चीख पुकार की आवाजें सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुचकर राहगीरों की मदद से सभी घायलों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां चिकित्सको ने घायल शादाब और तैमूर को उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। जबकि बाकी घायलों को नाजुक अवस्था मे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने मृतको के परिजनों को हादसे की जानकारी देकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। दो युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। और गांव में शोक की लहर बनी हुई थीं।
बताया गया है मृतक शादाब, तैमूर गुलफाम, सलमान केंटर में सवार होकर भोपा, मोरना, जानसठ थाना क्षेत्र में गन्ने के कोल्हुओं से गन्ने की खोई उठान का कार्य करते थे। सोमवार सुबह भी सभी लोग गन्ने की खोई केंटर में भरकर वापस खिवाई जा रहे थे। उधर कावड़ पटरी मार्ग पर भीषण हादसा होने के बाद वाहनों का लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने दोनों श्रतिग्रस्त वाहनों को क्रेन द्वारा सड़क किनारे खड़ा करवा कर यातायात सुचारू करवाया है।

