
कांग्रेस अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने के करीब 10 महीने बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी टीम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारण करने वाली बॉडी कांग्रेस कार्य समिति में 39 सदस्यों को जगह दी गई है जिसमे कांग्रेस के दो पूर्व अध्यक्षों सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को शामिल किया गया है। कांग्रेस की महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा भी अब कांग्रेस कार्य समिति की रेगुलर मेंबर हो गई हैं। पहले उन्हें महासचिव की हैसियत से सीडब्ल्यूसी में जगह दी गई थी। चुनावी रणनीति को लेकर तमाम तरह के फैसले लेने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी में हर तरह के समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है। जहां पार्टी से नाराज चल रहे नेताओं को कमेटी में शामिल किया गया है, वहीं गांधी परिवार के करीबियों का भी खास खयाल रखा गया है।