- दुकान पर बैठी युवती पर फब्तियां कस रहे शोहदों की जमकर पिटाई
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी थाना के शास्त्रीनगर सेक्टर-11 में आरटीओ कार्यालय के समीप छेड़खानी को लेकर बवाल हो गया। शोरशराबा व हंगामा होने पर भीड़ ने मौके से भाग रहे दो आरोपियों को दबोच लिया। उनकी जमकर पिटाई की। वहीं, दूसरी ओर हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी भीड़ ने दौड़ा दिया। मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-11 में एक शख्स परचून की दुकान चलाते हैं। शाम नौ बजे वह खाना खाने के लिए बराबर में ही स्थित अपने घर चले गए थे। उनकी पोती दुकान पर आकर बैठ गयी थी।
उसी दौरान करीब आधा दर्जन संप्रदाय विशेष के युवक बाइकों पर सवार होकर वहां आ धमके। जिस गली में यह दुकान है, गली की एंट्रेस पर उन्होंने आढ़ी तिरछी बाइकें लगा दीं ताकि कोई उधर से निकल ना सकें। आरोप है कि इन युवकों ने दुकान पर बैठी युवती से छेड़खानी शुरू कर दी। फब्तियां कसने लगें। उसी दौरान गली के घरों से कुछ महिलाएं बाहर निकल आर्इं। उन्होंने युवती को परेशान व घबराई देखा तो वो शोहदों से भिड़ गयीं। वहां शोरशराबा मच गया। चीख-पुकार सुनकर अन्य लोग घरों से बाहर आ गए। भीड़ को आते देखकर बाइक उठाकर भाग रहे दो युवकों अदनान व सलवान को भीड़ ने बाइक से खींचकर नीचे गिरा लिया। उनकी जमकर पिटाई की गयी।
इस बीच हंगामे की सूचना पर वहां एल ब्लॉक चौकी से पुलिस पहुंच गयी। पुलिस ने युवकों को छुड़ाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पुलिस वालों का भी दौड़ा दिया। बाद में वहां पीआरवी पहुंची। किसी प्रकार मशक्कत कर पुलिस दोनों युवकों को लेकर एल-ब्लॉक चौकी पहुंची। पीछे-पीछे वहां भीड़ भी पहुंच गयी। इस बीच पुलिस ने युवकों को थाना नौचंदी भेज दिया। उसी दौरान एक शख्स वहां जिन युवकों की पिटाई की गयी, उनकी पैरवी को चौकी पर आ पहुंचा। भीड़ ने जब उसे आडेÞ हाथोें लिया तो बाइक स्टार्ट कर वह वहां से तेजी से निकल गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शोहदों के खौफ से छात्रा ने स्कूल छोड़ा
शहर हो या फिर देहात बेटियां कहीं पर भी सुरक्षित नहीं है। शोहदे अपनी ओछी हरकत पर उतारू हैं। बेटियों से छेड़छाड़ की घटनाएं रोज हो रही है, लेकिन शहर में एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय नहीं है। जिसका खामियाजा बेटियां भुगत रहीं हैं। शायद ही कोई दिन ऐसा न जाता हो, जहां बेटियों से छेड़छाड़ की घटनाएं न होती हो। मुंडाली थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा ने छेड़खानी और शोहदों के डर से स्कूल जाना छोड़ दिया है।
पीड़िता गुरुवार को एसएसपी से मदद की गुहार लगाने पुलिस कार्यालय पहुंची। उसने बताया कि आए दिन शोहदे उसका रास्ता रोक लेते। बेड टच करते। उसने इसकी शिकायत अपनी परिजनों से की तो वो आरोपियों के घर शिकायत करने जा पहुंचे। पीड़िता ने बताया कि इससे नाराज होकर आरोपियों ने उनके घर पर पथराव कर दिया। इसकी शिकायत थाना पुलिस से भी की गई, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।

