- अफसरों की टीम नाव से पहुंची खादर में, एक गिरफ्तार डंपर सीज
जनवाणी संवाददाता |
बेहट: मुख्यालय पर बैठे अफसरों के निर्देश पर आखिरकार स्थानीय अधिकारियों का दस्ता शनिवार को यमुना खादर में उतरने को मजबूर हुआ। जिन अफसरों की खनन माफिया से मिली भगत की आशंका थी, अंतत: उन्हीं को माफिया को भगाना पड़ गया। दरअसल, नियम विरुद्ध यमुना में किए जा रहे खनन को लेकर जनवाणी ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। असर ये रहा कि अफसरों ने संज्ञा्न लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए।
बता दें कि बेहट क्षेत्र के असलमपुर बरथा में अवैध रूप से खनन हो रहा था। इसमें हरियाणा के माफिया अपने ट्रकों के जरिये अवैध खनन और परिवहन करा रहे थे। कुछ ग्रामीणों ने इसकी शिकायत भी की थी। लेकिन, हुआ कुछ नहीं था। आरोप जबकि ये था कि स्थानीय प्रशासनिक अफसर और पुलिस भी खनन माफिया से मिली हुई है।
बहरहाल, इस मुद्दे को जनवाणी ने अपने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया तो प्रशासन में खलबली मच गई। मुख्यालय पर बैठे अफसरों ने इस बाबत उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को सख्त निर्देश दिए। इसी का असर रहा कि शनिवार को एसडीएम और सीओ ने भारी फोर्स के साथ यमुना में छापेमारी की। यहां पर हरियाणा के खनन माफिया यूपी सीमा के अंदर घुस कर अवैध खनन कर रहे थे।
उप जिलाधिकारी का दस्ता देखते हुए खनन माफियाओं में खलबली मच गई और माफिया इधर-उधर भागने लगे। मौके पर एक डंपर और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि 18 व 19 सितंबर को दैनिक जनवाणी में यूपी की सरहद में हरियाणा के माफियाओं द्वारा अवैध खनन को लेकर प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया गया था। समाचार प्रकाशित होने के फौरन बाद उप जिलाधिकारी दीप्ति देव और पुलिस क्षेत्राधिकारी विजयपाल मय फोर्स के साथ बर्था घाट पर पहुंच कर छापेमारी की।
स्थानीय पुलिस ने यहां से पकड़े शुभम पुत्र बाबूराम निवासी माधव हर दरी जनपद यमुनानगर के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है और डंपर नंबर एचआर 5 8 बी 0 543 को सीज कर दिया है।


