- सर्विस रोड पर खड़े स्ट्रीट लाइटों के खंभे बने शोपीस
- टोल पर इमरजेंसी लाइन का नही है कोई प्रावधान
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: एनएच-58 पर लगे सिवाया टोल प्लाजा पर मंगलवार से फास्टैग अनिवार्य होने के बाद जहां फास्टैग का प्रयोग न करने वाले वाहन स्वामियों से डबल जुर्माना वसूला जा रहा है। वहीं, फास्टैग नहीं होने पर जुर्माना लगाने का फरमान सुनाने वालों की खुद की जमीनी हकीकत क्या है। इससे आपको रुबरु कराया जाएगा।
अगर हाइवे पर एक नजर डाली जाए तो उससे हकीकत कुछ और ही बयां होती है। एनएच-58 पर परतापुर से लेकर रामपुर तिराहे तक वेस्टर्न यूपी टोलवे कंपनी द्वारा टोल वसूली का कार्य किया जाता है। 78 किमी के इस दायरे में टोल तो वसूला जा रहा है, लेकिन यहां सुविधाओं के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है।

परतापुर और रोहटा रोड की सर्विस रोड पर लगे स्ट्रीट लाइटों के खंभे शोपीस बन गए हैं। अपने मनमाने ढंग से हाइवे पर काम किया जा रहा है। फास्टैग के शुरू होने के बाद भी टोल प्लाजा पर भयंकर जाम लग रहा है। जाम लगने के कारण घंटों तक यात्रियों को प्लाजा पर ही खड़े रहना पड़ता है।
हालांकि इस जाम के लगने का कारण अंट्रेंड स्टाफ के कारण आए दिन यहां हंगामा होता रहता है। जिसके चलते यहां जाम लग जाता है। हालांकि कुछ लोगों का तो यहां तक कहना है कि सॉफ्टवेयर की कमी के कारण यहां आए दिन जाम लगा रहता है और वाहनों के जाम में खड़े होने के कारण लाखों रुपये का तेल फूक जाता है। स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के लिए हर बार दावे किए जाते हैं, लेकिन यह दावे सिर्फ हवा हवाई ही साबित हो रहे हैं।

निर्माण कार्य से हाइवे पर रेंगते रहे वाहन
हाइवे पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। मंगलवार को बसंत पंचमी का पर्व है। ऐसे में शादी-समारोह ज्यादा होते हैं। शादी-समारोह के कारण हाइवे पर वाहनों की तादाद ज्यादा होती है, लेकिन एनएचएआई द्वारा हाइवे पर निर्माण कार्य मंगलवार को भी कराया गया।
यह निर्माण कार्य अगर आज बंद रहता तो शायद हाइवे पर वाहन नही रेंगते और जाम से छुटकारा मिल जाता, लेकिन जाम से छुटकारा भी नहीं मिल पा रहा है। दिन भर सिवाया टोल प्लाजा पर फास्टैग शुरू होने के बाद भी भयंकर जाम लगा रहा। सुबह से लेकर रात तक यहां जाम की भयंकर स्थिति बनी रही। जिसके चलते लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा।
हाइवे पर अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा। सर्विस रोड पर जहां स्ट्रीट लाइटें नहीं जल रही है। उन लाइटों को ठीक कराया जाएगा। हाइवे पर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिले। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सर्दी के कारण हाइवे पर कार्य पूरे नहीं हो सके थे। जल्द ही इन कार्यों को मार्च के महीने में पूर्ण करा दिया जाएगा।
-ब्रजेश सिंह, मेंटीनेंटस अधिकारी वेस्टर्न यूपी टोलवे कंपनी
हाइवे पर जल्द ही अधूरे कार्यों को पूरा कराना उनका मकसद है। इसलिए मंगलवार को भी हाइवे पर कार्य किया गया। जो हाइवे पर सुविधाएं नही मिल रही है। उसके लिए कंपनी को निर्देशित किया जाएगा। जल्द ही सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया जाएगा। -डीके चतुर्वेदी, परियोजना निदेशक एनएचएआई


