जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भगवान बुद्ध के सत्य, अहिंसा, करूणा एवं दया के विचार युगों-युगों से पीड़ित मानवता को राह दिखाते रहे हैं। उनके विचार आज की परिस्थितियों में और भी ज्यादा प्रासांगिक है, जब दुनिया में तनाव तथा युद्ध की विभीषिका बढ़ती जा रही हो। पर्यटन मंत्री मंगलवार को अन्तर्राष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सभागार में 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर सर्वपंथीय धर्म सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार कहा था कि दुनिया के पास युद्ध है और भारत के पास बुद्ध हैं। डॉ. अम्बेडकर ने भगवान बुद्ध के विचारों से प्रभावित होकर बौद्ध धर्म स्वीकार किया और देश को एक अनूठा संविधान प्रदान किया, जो सभी वर्गों, धर्मों, पंथों, संप्रदाय को जोड़कर भारत को विश्वगुरू बनाने की क्षमता रखता है।
जयवीर सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान के संकल्पों को धरातल पर उतारने के लिए केन्द्र तथा उप्र की सरकारें कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उप्र लगातार प्रगति कर रहा है। आज शांति के लिए विश्व भारत की ओर देख रहा है। जिस भारत को सपेरों का देश कहा जाता था, कोरोना काल में भारत ने वैक्सीन बनाकर 100 से अधिक देशों के करोड़ों लोगों की जान बचाई। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अब जय जवान जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान के संकल्प से भारत विश्व की 5वीं अर्थव्यवस्था बन चुका है। रूस और यूक्रेन के युद्ध को समाप्त करने के लिए दुनिया भारत की ओर देख रही है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि उप्र चौमुखी विकास का रिकॉर्ड बना रहा है। जिसके कारण 33 लाख 50 हजार करोड़ का निवेश प्राप्त हुआ है। उप्र देश का ग्रोथ इंजन बन गया है। विकास के हर मोर्चे पर नेतृत्व कर रहा है। आइये हम सब मिलकर भगवान बुद्ध के विचारों से प्रेरणा लेकर अपने कृतित्व के बल पर प्रदेश के निर्माण में प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करते हुए आगे बढ़े और उ0प्र0 को देश का श्रेष्ठतम प्रदेश बनायें। इसके साथ ही भगवान बुद्ध के संदेशों का अनुकरण करते हुए यूपी के विकास यात्रा में सहभागी बनें। भगवान बुद्ध के संदशों को जमीन पर उतारने का प्रयास करें।

