जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय शेयर बाजार बुधवार को मजबूत बढ़त के साथ खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,610.04 अंक बढ़कर 75,678.49 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 505.20 अंक की तेजी के साथ 23,417.60 पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 885.32 अंक की बढ़त के साथ 74,953.77 पर और निफ्टी 307.65 अंक बढ़कर 23,220.05 पर खुला। वहीं, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 93.96 पर रहा।
विशेषज्ञों की राय
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय शेयर बाजार में सतर्क आशावाद देखा जा रहा है। सकारात्मक संकेतों के बावजूद निवेशकों की निगाह भू-राजनीतिक हालात पर बनी हुई है, जिससे बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। बैंकिंग और मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा ने कहा कि अगले दिन बाजार अवकाश के कारण निवेशक सतर्क रहेंगे और अस्थिरता बनी रह सकती है।
उन्होंने बताया कि वैश्विक स्तर पर शांति की उम्मीदों के बीच बाजार बेहद संवेदनशील स्थिति में हैं और किसी भी बयान पर तेजी से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अजय बग्गा ने आगे कहा कि जमीनी हालात तेजी से बदल रहे हैं। इस्राइल और ईरान के बीच मिसाइल हमले जारी हैं, जबकि अमेरिका क्षेत्र में सैनिकों की तैनाती बढ़ा रहा है। ऐसे में बाजार केवल बयानों के बजाय वास्तविक घटनाओं पर नजर रखेंगे।
वैश्विक संकेत
अमेरिकी फ्यूचर्स और एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई। इसका मुख्य कारण संभावित एक महीने के युद्धविराम की उम्मीदें और अमेरिका द्वारा ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हवाई हमले रोकने का निर्णय है। हालांकि, स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जहां अमेरिका शांति वार्ता का दावा कर रहा है, वहीं ईरान ने किसी भी बातचीत से इनकार किया है। ऐसे में बाजार फिलहाल उम्मीद और अनिश्चितता के बीच झूलते दिख रहे हैं।
एशियाई और अमेरिकी बाजार का हाल
एशियाई बाजारों में तेजी का रुख रहा। जापान का निक्केई 225 2.20 प्रतिशत बढ़कर 53,402 पर पहुंच गया। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.44 प्रतिशत बढ़कर 4,883 पर, हांगकांग का हैंग सेंग 0.23 प्रतिशत बढ़कर 25,134 पर, ताइवान का भारित सूचकांक 2.68 प्रतिशत बढ़कर 33,485 पर और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.60 प्रतिशत बढ़कर 5,642 पर बंद हुआ।
इसके विपरीत, अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स 0.18 प्रतिशत गिरकर 46,124 पर, एसएंडपी 500 0.37 प्रतिशत गिरकर 6,556 पर और नैस्डैक 0.84 प्रतिशत गिरकर 21,761 पर बंद हुआ।
कमोडिटी और तेल की कीमतों में बदलाव
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड 4.78 प्रतिशत गिरकर 99 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिससे वैश्विक बाजारों को कुछ राहत मिली। कमोडिटी सेगमेंट में सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 3.37 प्रतिशत बढ़कर 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 4.82 प्रतिशत बढ़कर 2,34,542 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

