- दोनों तरफ से लाठी-डंड़ों व धारदार हथियारों हुआ प्रयोग
- दोनों पक्षों तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल, नौ लोग गिरफ्तार
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: कोतवाली क्षेत्र के ब्राह्मण पुठ्ठी गांव में शुक्रवार को सुबह गली में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंड़े व धारदार हथियार चले। इस दौरान फायरिंग होने से वहां भगदड़ मंच गई। संघर्ष में तीन महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों को गिरफ्तार करते हुए कोतवाली में डेढ़ दर्जन लोगों के विरूद्ध मारपीट व एक दूसरे पर कातिलाना हमला करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। घायलों को उपचार के लिए जिला अ्रस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव ब्राह्मण पुट्ठी में सतीश कश्यप व वेदपाल गुर्जर के मकान आसपास ही हैं। दोनों परिवारों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। बताया गया है कि शुक्रवार को सतीश के परिवार की एक महिला ने झाडू लगाकर गली में कूड़ा इकठ्ठा कर दिया।
इसका वेदपाल के परिवार ने विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षा के बीच विवाद हो गया और देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंड़े व धारदार हथियार चलने लगे। एक पक्ष के लोगों पर फायरिंग करने का भी आरोप है। इस दौरान वेदपाल पक्ष से वेदपाल व उसकी पत्नी कमला तथा सतीश पक्ष से संगीता, अनिता, टल्लू व मोहित घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता न मिलने पर मौके से दोनों पक्षों के दस लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक पक्ष से मंगल सैन, मोहित व सतीश तथा दूसरे पक्ष से महेश, राजपाल, वेदपाल, अनिल, सुनील व अंकित शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के करीब डेढ़ दर्जन लोगों के विरूद्ध शांति भंग, मारपीट व कातिलाना हमला करने की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है।
एसपी कार्यालय पर दिया धरना
इस प्रकरण में सतीश पक्ष ने वेदपाल पक्ष पर उनके घर में घुसकर लाठी-डंड़ों व धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया और आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पर धरना दिया। उनका कहना था कि उनकी एक महिला शुक्रवार को सुबह अपने मकान के सामने झाडू लगा रही थी।
इसी दौरान दूसरे पक्ष ने उसके ऊपर हमला कर दिया। वह लोग जान बचाने के लिए अपने घर में घुस गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर उनके ऊपर लाठी-डंड़ों से हमला किया और फायरिंग की। उन्होंने इस संबंध में एएसपी को एक प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने व आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई कराने की गुहार लगाई। इस अवसर पर अमरेश, बबली, विजयवती, विक्रम, प्रमोद, रामभतेरी, ब्रह्मो, सुंदर शेरसिंह, हरिओम, रामवीर व धर्मपाल आदि मौजूद थे।

