- एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्रियों के बंद नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: क्षेत्र के डूंडाहेड़ा गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को बंद कराने के लिए एसडीएम से गुहार लगाई। उन्होंने फैक्ट्रियों के खिलाफ ज्ञापन देते हुए उन्हें बंद कराने की मांग की। मांग के पूरा ना होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शुक्रवार को डूंडाहेड़ा गांव के ग्रामीण तहसील में पहुंचे। तहसील पहुंचकर उन्होंने प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों को लेकर एक ज्ञापन एसडीएम अजय कुमार को सौंपा।
ज्ञापन सौपकर उन्होंने कहा कि डूंडाहेड़ा फैक्ट्री पर चौकी के पास एक फैक्ट्री चलती है, जिससे भारी मात्रा में प्रदूषण निकलता है। उससे निकलने वाले प्रदूषण से वहां रहने वाले लोग बीमार होने लगे है।
यही नही उससे निकलने वाले धुंए के कारण हाइवे पर चलने वाले वाहनों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। इसके खिलाफ ग्रामीणों द्वारा कई बार शिकायत की गई है, लेकिन फैक्ट्री संचालक के रसूखों के चलते वह निरंतर चल रही है। जिसके चलने से ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने एसडीएम से फैक्ट्री के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। मांग पूरी ना होने पर मजबूरन वहां से पलायन करने की चेतावनी दी। एसडीएम अजय कुमार ने उन्हें जांच कर जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर राजेश्वर त्यागी, सिंटू, बोली, संजीव, दीपक आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

