- ऑक्सीजन सिलेंडर की काला बाजारी रोकने को एसडीएम आए एक्शन में
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: देश भर में आक्सीजन की कमी के समाचारों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम नजीबाबाद ने भी कोटद्वार-कोतवाली मार्ग स्थित एक आक्सीजन गैंस की एजेंसी पर छापा मारा। एसडीएम ने वाणिज्यिक सप्ताई लेने के लिए एजेंसी पर खड़े वाहनों को बैरंग लौटा दिया। उन्होंने एजेंसी स्वामी को निर्देश दिए कि वह सिर्फ अस्पतालों को ही आक्सीजन की आपूर्ति करना सुनिश्चित करे।
एसडीएम परमानंद झा ने कोटद्वार-कोतवाली मार्ग स्थित एक आक्सीजन गैस सिलेंडर एजेंसी पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान उन्हें एजेंसी पर कोटद्वार के कारोबारियों के लिए आक्सीजन गैस सिलेंडर लेने के लिए आए वाहन खड़े मिले। जिन्हें एसडीएम ने बैरंग लौटा दिया। उन्होंने कहा कि आक्सीजन की कालाबाजारी को रोकने के लिए एजेंसी स्वामी को कोरोना संक्रमण काल में सिर्फ अस्पतालों को ही आक्सीजन सिलेन्डरों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
एसडीएम ने आक्सीजन गैस एजेंसी स्वामी हर्ष गोयल से कहा कि बिना संस्तुति के आक्सीजन गैस सिलेंडर कहीं भी वाणिज्यिक प्रयोग के लिए सप्लाई नहीं किए जाएंगे। अस्पतालों में सबसे पहले आवश्यकतानुसार आपूर्ति की जाएगी। यदि उन्हें भंडारण किए जाने और अस्पतालों को आक्सीजन गैंस की आपूर्ति न किए जाने की शिकायत मिलेगी तो ऐसे में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि नगर की महिला रोग विशेषज्ञ डॉ राखी अग्रवाल के ट्वीटर पर अस्पतालों को आक्सीजन गैस देने के लिए एक साल के अनुबन्ध की शिकायत प्रशासन से की गयी थी। इस शिकायत को भी एसडीएम परमानंद झा ने गंभीरता से लिया।

