- रात को बेटे का मनाया जन्म दिन, सुबह लगा ली फांसी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: टीपी नगर थाना क्षेत्र शिवपुरम में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। विवाहिता का शव पंखे पर लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने मौके पर पहुंचकर ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल मोर्चरी भिजवाया।
टीपी नगर थाना क्षेत्र शिवपुरम निवासी विनोद परचून की दुकान करता है। विनोद का बेटा अविनाश प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। अविनाश की शादी तीन वर्ष मोदीपुरम पल्हेड़ा निवासी प्रिया से हुई थी। अविनाश के दो वर्षीय बेटा नित्यांक है। बुधवार रात अविनाश और उसकी पत्नी प्रिया ने नित्यांक का जन्मदिन मनाया था। परिवार में सभी खुश थे। रात को जन्मदिन के दौरान किसी बात पर अविनाश की पत्नी प्रिया से अनबन हो गई थी।
गुरुवार सुबह तकरीबन साढ़े आठ बजे प्रिया के मायके वालों को सूचना मिली कि उसने फांसी लगा ली है। यह सुनकर प्रिया के परिजनों में हड़कंप मच गया। प्रिया के मायके से उसके परिवार के लोग आनन-फानन में शिवपुरम पहुंचे। उन्होंने देखा कि प्रिया का शव एक चारपाई पर पड़ा है। उसके गले पर फं ासी लगने के निशान है। यह देख मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर प्रिया की हत्या का आरोप लगाकर हंगामा शुरु कर दिया।
प्रिया के पति अविनाश को पकड़कर मारपीट कर दी। किसी तरह अविनाश ने मायके वालों से छूटकर अपनी जान बचाई। सूचना के बाद थाना टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रिया के ससुरालियों से घटना की जानकारी की। पुलिस के समक्ष मायके वालों ने प्रिया की हत्या का आरोप उसके ससुरालियों पर लगाया। उन्होंने कहा कि प्रिया की हत्या कर उसे फांसी पर लटकाया गया है।

विवाहिता के मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाकर मेडिकल मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस ने ससुरालियों पर आईपीसी धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी हिरासत में
पुलिस ने प्रिया के पति अविनाश और सास को हिरासत में लिया है। ससुरालियों ने बताया कि प्रिया सुबह सात बजे सोकर उठी और उठने के बाद सभी के लिए चाय बनाकर लाकर दी थी। उसके बाद वह एक कमरे में झाडू लगाने के लिए अंदर चली गई थी। उसके बाद उसने कमरे में लगे एक पंखे पर लटक कर फांसी लगा ली। थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह का कहना है कि धारा 304बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेटे के जन्मदिन पर थी खुश
रात को पति पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हुआ था। सुबह प्रिया की मौत हो गई। बुधवार की रात को प्रिया ने अपने दो वर्षीय बेटे नित्यांक का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था। वह इतनी खुश थी कि उसने अपने पति के साथ मिलकर बेटे नित्यांक से केक कटवाया, लेकिन जन्मदिन के बाद आखिर पति पत्नी के बीच ऐसा क्या हुआ कि उनमें विवाद हो गया। आखिर किस बात पर उनमें विवाद हुआ।
सुबह बनाई थी चाय
ससुरालियों ने बताया कि सुबह प्रिया ने उठकर सभी को चाय बनाकर पिलाई, लेकिन आखिर ऐसी क्या वजह हुई। कि प्रिया ने सभी को चाय पिलाने के बाद कमरे में जाकर फांसी लगा ली। आखिर उस पर कौनसा मानसिक दबाव था। यह सवाल प्रिया की मौत के बाद हर किसी के जहन में उभर रहा है। उधर, पुलिस ने दबी जुबान में बताया कि प्रिया पर पति अविनाश ने ऐसी टिप्पणी कर दी थी। जिसके बाद वह निराश होती चली गई। ससुरालियों के अनुसार प्रिया के किसी से प्रेम संबंध थे।

