01– कोहली ने दिया फैंस को दीपावली का विराट तोहफा। भारत ने पाकिस्तान को चार विकेट से हराया।
भारत ने पाकिस्तान को सुपर-12 के अपने पहले मुकाबले में चार विकेट से हरा दिया है। विराट कोहली ने भारतीय फैन्स को दिवाली का तोहफा दिया है। उन्होंने इस मैच में 53 गेंदों में 82 रन की नाबाद पारी खेली।

02– महिला द्वारा पैर छूने पर गुस्से से तमतमाए मंत्री। वी सोमन्ना ने सबके सामने जड़ दिया थप्पड़।
कर्नाटक सरकार के मंत्री वी सोमन्ना ने एक महिला को थप्पड़ जड़ दिया। बताया जा रहा है कि भरी सभा में महिला ने मंत्री जी के पेअर छू लिए इसलिए मंत्री जी गुस्से से लाल हो गए। हालांकि इसके बाद भी महिला ने अपनी समस्या मंत्री जी बताई।

03– तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बने शी जिनपिंग। कहा, ‘हमने दो चमत्कार किए, दुनिया को चीन की जरूरत’।
शी जिनपिंग ने चीन के राष्ट्रपति के रूप में एक ऐतिहासिक तीसरा कार्यकाल हासिल कर लिया। जिनपिंग अब पांच साल के लिए और इस पद पर बने रहेंगे। शी जिनपिंग ने कहा कि दुनिया को चीन की जरूरत है।

04– पंजाब में बीएसएफ का बड़ा फैसला, तस्करों को गोली मारने का आदेश। ड्रोन मार गिराने वाले जवानों को मिलेगा पुरस्कार।
पंजाब में इस साल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर 150 से अधिक ड्रोन गतिविधियों को दर्ज किया गया है। इससे निपटाने का प्लान भी सीमा सुरक्षा बल ने बना लिया है। पंजाब में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन मार गिराने पर जवानों को पुरस्कार मिलेगा। वहीं अगर कोई भारतीय तस्कर सीमा पर नशे और हथियारों की खेप उठाता है तो उसे गोली मारने का फैसला लिया गया है।

05– बंगाल में तबाही मचाएगा चक्रवाती तूफान!। चेतावनी जारी, 25 को गहरे चक्रवात में बदलने की संभावना।
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र रविवार देर रात यानी 12 घंटे के भीतर चक्रवात में तब्दील हो सकता है। जिससे पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने और 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इस चक्रवात के 25 अक्तूबर को गहरे चक्रवात में बदल जाने की संभावना है।

06– गुजरात और हिमाचल चुनाव में होगी खड़गे की ‘अग्नि परीक्षा’। कांग्रेस पार्टी की दलित वोटों पर है पैनी नजर।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ताजपोशी के साथ ही गुजरात और हिमाचल चुनाव सिर पर हैं, यह कांग्रेस अध्यक्ष की अग्नि परीक्षा होगी। दरअसल, 2023 में कर्नाटक में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। यह खड़गे का गृह राज्य है। ऐसे में पार्टी को उम्मीद है कि उनके अध्यक्ष बनने से दलित वोट पर पकड़ बढ़ेगी।

07– सीएम शिवराज ने कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों संग मनाया दीपोत्सव। मुख्यमंत्री ने बच्चों के लिए गाये मोटिवेशनल गीत।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोविड काल में अनाथ बच्चों के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम मनाया। सीएम ने फूल बरसा कर भांजे भांजियों का स्वागत किया। सीएम शिवराज ने कहा कि मामा का घर मस्ती करने के लिए होता है। सीएम ने बच्चों के लिए मोटिवेशनल गीत भी गाये।
08– टॉपलेस होकर उर्फी जावेद ने दी फैंस को दिवाली की बधाई!। सोशल मीडिया पर खूब हो रहा है वायरल।
एक्ट्रेस उर्फी जावेद अक्सर मीडिया की सुर्खियों में रहती हैं। उर्फी ज्यादातर अपने कपड़ों के डिजाइन और बोल्डनेस की वजह से चर्चा बटोरती नजर आती हैं। उर्फी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। इस बार उर्फी जावेद ने दिवाली के मौके पर फैंस के साथ एक वीडियो शेयर की है। जिसमें उर्फी जावेद ने बोल्डनेस की सारी हदें पार कर डाली हैं।
09– आज श्रीराम का राजतिलक करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। श्रीरामनगरी में है दीपोत्सव, बनेगा विश्व रिकॉर्ड।
पूरी अयोध्या राममय हो गई है। दीपोत्सव की अद्भुत छटा बिखर रही है। रामकथा पार्क को राजभवन की तरह सजाया गया है। आज रविवार शाम जब पुष्पक विमान रूपी हेलिकॉप्टर से माता सीता व तीनों भाइयों के साथ भगवान श्रीराम उतरेंगें तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में उनका राजतिलक कर आरती उतारेंगे।

10– यीडा की फर्जी वेबसाइट बनाकर 50 लोगों से ठगी। एयरपोर्ट-फिल्म सिटी के पास आवासीय योजना के नाम पर धोखाधड़ी।
नोएडा एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के पास घर बनाने का सपना देखने वालों को ठग निशाना बना रहे हैं। ठगों ने यमुना प्राधिकरण की फर्जी वेबसाइट तैयार कर आवासीय योजना के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। बिसरख कोतवाली पुलिस ने जांच की तो करीब 50 लोगों को ठगने की बात सामने आई है।

11– दिवाली से पहले ही जहरीली धुंध से ढका दिल्ली का आसमान। और बिगड़ सकते हैं हालात, केजरीवाल के बैन पर उठे सवाल।
दिवाली से पहले ही राजधानी दिल्ली में एयर क्वालिटी अत्यंत खराब श्रेणी में पहुंच गई है। रविवार सुबह से ही दिल्ली समेत आसपास के शहरों में धुंध छायी रही। अक्षरधाम के पास से गुजरने वाले राहगीरों को धुंध के चलते गाड़ियों की रफ्तार धीमी करनी पड़ी। सवाल केजरीवाल पर उठाया जा रहा है कि दिवाली हुई नहीं पटाखा जला नहीं तो धुंध कैसे आई।

12– सालभर अंधेरे में रहने वाले बंकरों पर जले दीप। 10 हजार फीट की ऊंचाई पर लगे भारत माता जय के नारे।
पूरे देश के साथ भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा भी दिवाली की धूम है। घरों से दूर एलओसी पर तैनात सेना के जवान भी दिवाली मनाने में मस्त हैं। नियंत्रण रेखा पर अंतिम चौकियों में तैनात सेना के जवान भी दिवाली मना रहे हैं।

13– आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा। बस कंटेनर की टक्कर में चार की मौत, 42 गंभीर रूप से घायल।
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। दर्दनाक हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। जबकि 42 यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

14– मेरठ में यात्रियों के लिए बस अड्डों पर बनी हेल्प डेस्क। बस न मिलने पर कर सकेंगे शिकायत, दिन-रात होगा संचालन।
दीपावली से भैयादूज तक के त्योहारों के लिए रोडवेज ने पूरी तैयारी कर ली है। शहर के भैसाली डिपो और सोहराबगेट सहित अन्य डिपो से प्रत्येक रूट पर बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए अड्डों पर हेल्प डेस्क बनाई गई है। यदि किसी रूट पर यात्री को बस नहीं मिलती है तो वह यहां शिकायत कर सकते हैं।

15– सोने की चमक से दमका बाजार। मेरठ में हुआ 250 करोड़ से अधिक का कारोबार।
धनतेरस के पहले दिन बाजार में खूब खरीदारी हुई। सराफा बाजार भी चमक उठा। इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के साथ कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी की खरीदारी हुई। सुबह से रात तक बाजारों में रौनक रही। शनिवार को 250 करोड़ का कारोबार हुआ। सदर, आबूलेन, बोम्बे बाजार, सेंट्रल मार्केट में भीड़ उमड़ पड़ी। आभूषण, चांदी के सिक्कों के साथ लक्ष्मी गणेश जी भी चांदी के खरीदे गए।

16– देश का सबसे बड़ा दीनी इदारा दारुल उलूम गैर मान्यता प्राप्त। अफसरों ने शासन को भेजी रिपोर्ट।
मदरसों के सरकारी सर्वे में देश का सबसे बड़ा दीनी इदारा दारुल उलूम देवबंद गैर मान्यता प्राप्त मिला है, लेकिन यह सोसायटी एक्ट-1988 के तहत पंजीकृत है। इस संबंध में प्रशासन ने शासन को सर्वे संबंधी रिपोर्ट भेज दी है। सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा कराए गए गैर सरकारी मदरसों के सर्वे का काम पूरा हो गया। इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन की ओर से शासन को भेज दी गई।

17– आईआरसीटीसी कराएगी चार ज्योर्तिलिंगों के दर्शन। मासिक किस्तों पर भी भुगतान कर सकेंगे यात्री।
रेलवे 36 और 24 महीने के समान मासिक किस्त पर चार ज्योर्तिलिंगों के दर्शन कराने जा रहा है। इस यात्रा की योजना इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कार्पोरेशन ने बना ली है। इसके लिए चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से दो दिसंबर को स्वदेश यात्रा ट्रेन रवाना होगी, जो यात्री टिकट का भुगतान एक साथ नहीं कर सकते वह हर महीने किस्तों में पैसा दे सकते हैं।

18– ऋषि सुनक लड़ेंगे पीएम पद का चुनाव। कहा- सुधारना चाहता हूं ब्रिटेन की इकॉनमी।
ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के नेता ऋषि सुनक ने एक बार फिर प्रधानमंत्री पद का चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को सुधारना चाहते हैं, पार्टी को एकजुट करना चाहते हैं और देश के लिए कुछ कर गुजरना चाहते हैं, इसलिए चुनाव में पीएम बनने के लिए खड़े हैं।

19– मेरठ में 31 अक्तूबर से होगा निर्वाचक नामावली प्रकाशन। निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, 18 नवंबर को फाइनल होगी नामावली।
मेरठ में निकाय चुनाव की तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। दिवाली बाद जिला प्रशासन निर्वाचक नामावलियों को फाइनल करने के काम में जुटेगा। 31 अक्तूबर से 18 नवंबर तक जिले में निकाय चुनाव के लिए नामावलियों का काम फाइनल हो जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी, डीएम दीपक मीणा ने शनिवार को ही नामावलियों के संबंध में सूचना जारी कर दी है।

20– गांधी परिवार के दो संगठनों के एफसीआरए लाइसेंस रद्द। एक और ट्रस्ट पर भी हो सकती है कार्रवाई।
केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांधी परिवार से जुड़े राजीव गांधी फाउंडेशन और राजीव गांधी चैरिटेबल ट्रस्ट के विदेशी योगदान विनियमन अधिनियम एफसीआरए लाइसेंस को रद्द कर दिया है। यह कार्रवाई कानूनों के उल्लंघन के बाद की गई है। बताया गया है कि केंद्र ने यह कदम 2020 में गृह मंत्रालय द्वारा गठित एक अंतर-मंत्रालयी समिति की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उठाया है।


