जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: जावेद जाफरी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। उनका जन्म 4 दिसंबर 1963 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम सईद जावेद अहमद जाफरी है। वह बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन-अभिनेता जगदीप जाफरी के बेटे हैं। जावेद जाफरी ने बॉलीवुड में एक सिंगर, कोरियोग्राफर, वीजे और विज्ञापन निर्माता के तौर पर खूब नाम कमाया। जावेद एक बेमिसाल एक्टर और कॉमेडियन होने के साथ ही एक बेहतरीन डांसर भी हैं। इंडस्ट्री में उन्हें एक मल्टी-टैलेंटेड कलाकार के तौर पर जाना जाता है।
जावेद ने साल 1985 में आई फिल्म ‘जंग’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में एक्टर ने नेगेटिव किरदार निभाया था। अपने इस किरदार से उन्होंने दर्शकों से खूब प्रशंसा बटोरी थी। इसी फिल्म के एक गाने में उनका डांसिंग टैलेंट भी सामने आया। इसके बाद वह ‘ज जंतरम म मंतरम’, ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’, ‘थ्री इडियट्स’,’धमाल सीरीज’, जैसी तमाम फिल्मों में काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह टीवी पर भी तूफानी पारी खेल चुके हैं।
जावेद जाफरी ने साल 1996 में अपने भाई नावेद और रवि बहल के साथ डांसिंग रियलिटी शो बूगी वूगी शुरू किया था जो टीवी जगत के सबसे पॉपुलर शोज में शामिल है। इस शो को लेकर बच्चों में काफी क्रेज देखने को मिलता था। हल्की फुल्की बातों के साथ शो ने बच्चों के डांसिंग टैलेंट को भी सामने रखा। इसके अलावा 90 के दशक में एक पॉपुलर शो आता था ‘टकेशीज कासल’ इस शो में लोगों को मजेदार खेल में पार्टिसिपेट करना होता था। जिसका वॉइस ओवर भी जावेद जाफरी ने बहुत ही शानदार तरीके से किया था।
हुनर के बादशाह जावेद जाफरी एक बेमिसाल डबिंग आर्टिस्ट भी हैं। उन्होंने कार्टून कैरेक्टर जैसे गूफी, डॉन कारनेज और मिक्की माउस को हिंदी में डब किया है। इसके साथ ही फिल्म ‘सपने’ में प्रभुदेवा के किरदार को भी जावेद जाफरी ने अपनी आवाज दी है।

