जनवाणी संवाददाता |
किठौर: ज्वाइंट डायरेक्टर ने सोमवार को माछरा ब्लाक मुख्यालय और उसके अंतर्गत ग्राम पंचायतों भगवानपुर बांगर व फतेहपुर नारायण का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जेडीसी ने दोनों गांवों में मनरेगा व अन्य योजनाओं ने अंतर्गत हुए विकास कार्यों की समीक्षा कर रिकॉर्ड और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने की हिदायत की। सोमवार को निरीक्षण करने ब्लाक मुख्यालय माछरा पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट राजकुमार गौतम ने सर्वप्रथम उपस्थिति पंजिका चेक की।
तत्पश्चात विकास योजनाओं से जुड़ी फाइलें देखते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक फाइल पर संबंधित योजना व कार्य का उल्लेख होना चाहिए। इसके बाद जेडीसी ने गोशाला का निरीक्षण किया। यहां तमाम 34 पशु दुर्बल अवस्था में देख मौसम के अनुसार उनके बेहतर रखरखाव और संतुलित आहार, गुड़, बाजरा आदि खिलाने के निर्देश दिए।
यहां से बीडीओ गोपाल गोयल को साथ लेकर जेडीसी ने भगवानपुर बांगर और फतेहपुर नारायण गांवों में मनरेगा व अन्य योजनाओं के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों नाली, खड़ंजे, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालयों आदि में लगी निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परखी।
उन्होंने साथ में मौजूद पंचायत सचिव को गांवों में स्थित सरकारी भवनों शौचालयों की साफ-सफाई के भी निर्देश दिए। ब्लॉक मुख्यालय की रंगाई पुताई कराने पर विशेष जोर दिया। एडीओ अमित कुमार, एडीओ रजनी चतुवेर्दी आदि मौजूद रही।

