नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड एक्ट्रेस और कपूर खानदान की सदस्य करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का आज अचानक इंग्लैंड में निधन हो गया। 53 वर्षीय संजय कपूर पोलो खेल रहे थे, जब उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स उन्हें बचा नहीं सके। संजय कपूर का यूं अचानक दुनिया से चले जाना सभी को हैरान कर गया है। वह एक जाने-माने बिजनेसमैन थे और हाई-प्रोफाइल सोशल सर्कल का हिस्सा माने जाते थे। ऐसे में आइए जानते है संजय कपूर के बारे में…
संजय कपूर का क्या है बिजनेस
संजय कपूर एक मशहूर बिजनेसमैन थे। वो सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन के चेयरमैन थे। इसे अब सोना कॉमस्टार के नाम से जाना जाता है। यह कंपनी ईवी सहित ऑटोमोटिव सिस्टम और कंपोनेंट डिजाइन बनाती है। इस कंपनी की स्थापना 1997 में उनके दिवंगत पिता सुरिंदर कपूर ने की थी, जो भारत के ऑटो कंपोनेंट उद्योग में अग्रणी थे। संजय कपूर एसीएमए के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा वो द दून स्कूल के ट्रस्टी भी थे। उनका बिजनेस ईवी के अलावा पावरट्रेन, और गियर सिस्टम्स जैसे एडवांस्ड ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी पर बेस्ड था।
नेटवर्थ
संजय कपूर की नेटवर्थ को लेकर काफी कन्फ्यूजन है। फोर्ब्स के मुताबिक, संजय कपूर की नेटवर्थ 1.2 बिलियन डॉलर थी। जबकि ब्लूमबर्ग एस्टीमेट ने उनकी नेट वर्थ 1.15 बिलियन डॉलर बताई और रियल टाइम बिल्लेनियर्स इंडेक्स की मानें तो संजय कपूर की नेटवर्थ 1.18 बिलियन थी।
इस यूनिवर्सिट से की थी पढ़ाई
15 अक्टूबर 1971 को जन्मे संजय कपूर दिल्ली के रहने वाले थे। उन्होंने बकिंघम यूनिवर्सिटी से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन से पढ़ाई की थी।
कब की थी करिश्मा कपूर से शादी
संजय कपूर ने साल 2003 में बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से शादी की थी। इस शादी से कपल के दो बच्चे भी हैं- समायरा और किआन हैं। हालांकि, शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आने लगीं।
करिश्मा ने लगाए थे गंभीर आरोप
साल 2016 में संजय कपूर और करिश्मा का तलाक हो गया। तलाक के दौरान करिश्मा कपूर ने संजय कपूर पर मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। तलाक के बाद कपल के दोनों बच्चे करिश्मा के ही साथ रहते हैं।
संजय कपूर ने की थी तीन शादी
करिश्मा कपूर से संजय कपूर की पहली शादी नहीं थी। संजय इससे पहले से ही शादीशुदा थे। संजय कपूर ने करिश्मा से पहले फैशन डिजाइनर नंदिता महतानी से शादी की थी। बाद में उन्होंने करिश्मा से शादी की। 2016 में करिश्मा से तलाक के एक साल बाद ही संजय कपूर ने तीसरी शादी भी कर ली थी। उन्होंने साल 2017 में प्रिया सचदेवा संग सात फेरे लिए थे। जो कि वर्तमान में भी उनकी पत्नी हैं।
पीछे छोड़ गए इतनी सम्पत्ति
संजय कपूर अपने निधन के बाद अपने बीवी-बच्चों के लिए अकूत संपत्ति छोड़ गए हैं। उनके पास दिल्ली और मुंबई के साथ-साथ लंदन में भी कई प्रीमियम प्रॉपर्टीज थीं। संजय लग्जीरियस गाड़ियों के शौकीन थे और उनके पास महंगी गाड़ियों का बेहतरीन कलेक्शन भी है। इसके अलावा उन्होंने रियल इस्टेट में भी मोटी रकम इन्वेस्ट की हुई थी। संजय अपनी हाईफाई लाइफस्टाइल के लिए भी काफी मशहूर थे।

