जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बुधवार से ही खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह के आत्मसमर्पण की चर्चाएं गरम हैं, लेकिन अमृतपाल ने अभी तक सरेंडर नहीं किया है। अलबत्ता वह फेसबुक पर लाइव आकर एक बार फिर पंजाब पुलिस को चुनौती और दे रहा है। लाइव वीडियो में उसने कहा कि कोई उसका बाल भी बांका नहीं कर सकता। अमृतपाल की चुनौती के पंजाब पुलिस विभाग का साइबर सेल भी बेबस नज़र आ रहा है।
बता दें कि अमृतपाल सिंह को खोजने के अभियान में पंजाब पुलिस के 80 हजार जवानों के अलावा तमाम राजपत्रित अधिकारी, काउंटर इंटेलिजेंस और खुफिया एजेंसी के अधिकारी विफल हुए हैं। अमृतपाल की तलाश नौ राज्यों में हो रही है। उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश, नेपाल बॉर्डर पर अमृतपाल के पोस्टर लगाकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। तमाम सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ रही हैं, लेकिन अमृतपाल सिंह पुलिस की गिरफ्त से दूर है।
29 मार्च को जारी क्या वीडियो
नेपाल सरकार को भी इस बारे में लिखित जानकारी दी गई। 25 मार्च को एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें अमृतपाल सिंह कथित तौर पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए दिखा। 29 मार्च को अमृतपाल सिंह पपलप्रीत सिंह के साथ फगवाड़ा व होशियारपुर में देखा गया। 29 मार्च को अमृतपाल सिंह ने वीडियो जारी कर लोगों में अपनी बात रखी।
मेरी गिरफ्तारी वाहे गुरु के हाथ में है: अमृतपाल
अपनी फरारी के12वें दिन बुधवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सरकार और पुलिस को चुनौती दी। वीडियो में काली पगड़ी और शॉल पहने अमृतपाल ने कहा कि मेरा कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। मेरी गिरफ्तारी वाहे गुरु के हाथ में है। वाहे गुरु ने मुझे गिरफ्तार करने के लिए भेजी गई पुलिस से बचाया। अगर राज्य सरकार की गिरफ्तारी करने की मंशा होती तो पुलिस मुझे घर पर आकर गिरफ्तार कर सकती थी। मैं हार मान लेता।
अमृतपाल ने की पंजाब पुलिस की आलोचना
इस कट्टरपंथी ने सिख युवकों को गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस की आलोचना करते हुए फिर लोगों को भड़काने की कोशिश की। अमृतपाल ने कहा- मैं 18 मार्च के बाद पहली बार रूबरू हो रहा हूं। बिल्कुल ठीक हूं। सरकार ने मजबूर लोगों को जेल में डाला है। हमारे साथियों को असम भेजा है। लोगों पर एनएसए लगाया है। यह जुल्म है।
अमृतपाल ने फिर उगला जहर
इसके खिलाफ आवाज उठाना हमारा कौमी हक है। उसने जहर उगलते हुए कहा- लंबे समय से कौम छोटे-मोटे मसलों पर मोर्चा लगा उलझ रही है। उसने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से बैसाखी पर सरबत खालसा बुलाने की अपील की और कहा कि इसमें देश-विदेश की सिख संगत बढ़ चढ़कर हिस्सा ले।
पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी: डीआईजी
पंजाब पुलिस के डीआईजी स्वप्न शर्मा का कहना है कि अमृतपाल सिंह बार-बार लोकेशन के साथ हुलिया भी बदल लाहा है। हमारी ट्रैकिंग चल रही है, लेकिन वह कुछ समय पहले ही अपनी लोकेशन बदल रहा है। पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।