- सोनीपत का रहने वाला था युवक, एसपी पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे, पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जनवाणी संवाददाता |
अमीनगर सराय: डोला गांव के पास एक युवक की हथौड़े से पीट पीट कर हत्या करने के बाद शव को डिग्गी में डालकर बदमाश फरार हो गये सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया एसपी घटना स्थल पर पहुंचे और शव को निकालने के बाद शिनाख्त की, जो सोनीपत का रहने वाला निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की सूचना परिजनों को दी।
गुरुवार की देर शाम को डोला गांव के पास स्थित आर्यभट्ट कॉलेज के पास से निकल रही चकरोड पर एक गाड़ी खून से लतपथ खड़ी थी। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने इसकी सूचना डोला पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें एक युवक का शव निकला।
युवक की हत्या बदमाशों ने हथौड़े से पीट पीट कर की हुई थी। बदमाश युवक की हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलने के बाद एसपी मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की, जो सोनीपत की महाबीर कॉलोनी का रहने वाला जितेंद्र निकला। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी परिवार के लोगों को दी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

