- भाजपा मंडलाध्यक्ष पर लगाया अभद्रता व गाली गलौच करने का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
- उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने बैठक कर लिया निर्णय, एसडीएम को सौंपा अपनी मांगों का ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ भी निलंबित लेखपाल के पक्ष में उतर गया और बैठक कर चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लेखपाल की बहाली नहीं होती है तो वह 14 दिसंबर से अतिरिक्त कार्य को छोड़ देंगे और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, क्योंकि भाजपा मंडलाध्यक्ष ने पहले लेखपाल के साथ अभद्रता व गाली गलौच की थी और उससे किसी भी तरह की कोई रिश्वत नहीं मांगी थी। लेखपाल संघ ने एसडीएम को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा है।
नगर की तहसील में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की एक बैठक आयोजित की गई। वक्ताओं ने कहा कि लेखपाल सुरेन्द्र सिंह के साथ पहले निबाली निवासी भाजपा मंडलाध्यक्ष ओमवीर धामा ने अभद्रता करते हुए गाली गलौच की थी। जिसका लेखपाल ने विरोध कर आपत्ति जतायी थी, लेकिन अधिकारियों ने भी उनकी एक बात नहीं सुनी और निलंबित कर दिया गया जो पूरी तरह से गलत है।
वह लेखपाल के निलंबन को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे और इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते है। वक्ताओं ने बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि 14 दिसंबर तक लेखपाल को बहाल नहीं किया जाता है तो वह तहसील बागपत के अतिरिक्त क्षेत्रों के कार्यभार को छोड़ देंगे और अपने मूल कार्य करेंगे।
इसके अलावा लेखपालों के कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा देने, किसी भी प्रकार के प्रार्थना पत्र विभाग द्वारा डाक से उपलब्ध कराने, सीधे न देने की मांग की गयी और अपनी मांग का ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर पूरा करने की मांग की। साथ ही मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी। इस मौके पर अध्यक्ष सौरण सिंह यादव, सचिव सचिन भारती, विनोद कुमार, वरूणवेश, बलबीर सिंह, टीना चौहान आदि मौजूद रहे।

