- अभी और दो दिन बारिश के आसार
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: रविवार को फिर से दिन सुहाना हो गया। सुबह से ही शुरू हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी दो से तीन दिन तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम आगे भी ऐसे ही बना रहेगा। रविवार का दिन बदला-बदला रहा। पिछले दो-तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते रविवार को भी मौसम बदलाव दिखाई दिया।
तेज बारिश के चलते गर्मी से राहत रही। तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। मौसम अभी ऐसे ही बना रहेगा। गर्मी से तो राहत रहेगी, लेकिन रिमझिम बारिश का दौर बना रहेगा। मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री व रात का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

जबकि बारिश 20.4 मिमी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष का कहना है कि रविवार को अच्छी बारिश हुई है और आगे दो दिन भी बारिश होने के आसार है। जुलाई माह में 212.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि पिछले साल 298 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
फसलों के लिए लाभकारी है बारिश
जुलाई माह में हुई बारिश से फसलों को काफी लाभ मिलेगा। पिछले दो-तीन दिन से लगातार हल्की बारिश हो रही है। कहीं पर ज्यादा तो कहीं पर कम बारिश के चलते फसलों को काफी लाभ मिला है। धान की फसल गन्ना और चारे व बेल वाली फसल के लिए यह बारिश लाभकारी होगी।
सबसे ज्यादा लाभ धान की फसल को मिलेगा। वेस्ट यूपी में किसान धान की बुवाई कर चुके हैं। कृषि विवि के वैज्ञानिक डा. आरएस सेंगर का कहना है कि बारिश से फसलों को काफी लाभ मिलेगा और आगे भी अच्छी बारिश होने की जरूरत है।

