- धनतरेस से लेकर दीपावली पर्व तक चाइनीज लाइटों का होता है 20 करोड़ का कारोबार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: दीपावली पर्व से पहले ही शहर में झालरों, सजावटी लैंप व आकर्षक लाइटों का कारोबार जगमग हो गया है। बाजार में इस बार चीनी झालरों के साथ देसी झालरों ने भी धूम मचा दी है। जबकि, कई तरह के सजावटी लैंप, हैंगिंग और फ्लोर लैंप की भी मांग है। उधर, दीपावली से जुड़े तमाम तरह के चाइनीज पटाखे भी बाजार में हैं। इस समय बाजार में लोगों की भीड़ उमड़ी शÞुरू हो चुकी है। बुढ़ाना गेट व अन्य बाजारों में लोग लाइटों व झालरों को खरीद कर रहे हैं।
चीन की झालरों को टक्कर देने के लिए दिल्ली का तार, चीन का बल्ब और अहमदाबाद के कैप का इस्तेमाल कर देसी झालर तैयार की जा रही है। इसमें एलईडी बल्ब चीन से तो बल्ब की कैप अहमदाबाद से आती है, जबकि तार दिल्ली से। कानपुर में इसे असेंबल किया जाता है। वहीं, झालरों के कारोबार से जुड़े मुकेश बताते हैं कि बाजार में कई तरह की झालरें हैं, इनमें गुजराती झालर में ज्यादा चमक है। मल्टी पिक्सल व एलईडी झालरों की नई वैरायटी है। लंबाई के हिसाब से भारतीय झालर चीन की झालर के मुकाबले सस्ती पड़ती है।
इन बाजारों में हैं मुख्य दुकानें
शहर के बुढ़ाना गेट, सदर बाजार, हनुमान चौक, शास्त्री नगर सेंट्रल मार्केट, बेगमपुल, सोतीगंज प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में दुकानों के बाहर टंगी रंग-बिरंगी झालरें त्योहारी सीजन का अहसास कराती हैं। खास बात यह कि कभी सिर्फ चाइनीज झालरों से पटे रहने वाले इलेक्ट्रॉनिक बाजारों में अब भारतीय झालरों की भी आधी हिस्सेदारी है। झालरों व लाइटों वाली स्ट्रिप के कारोबार से जुड़े व्यापारी बताते हैं कि एक बार खराब होने के बाद इस्तेमाल न हो पाने पर चीनी झालरों का बाजार इस बार गिरा है।
वहीं, देसी झालरों की रिपेयरिंग भी हो सकती है। बुढ़ाना गेट स्थिति इलेक्ट्रोनिक शाप के मालिक विनय खन्ना का कहना है कि इस बार चाइनीज झालरों की मार्केट में 25-30 फीसदी की गिरावट है। इस बार रेट सस्ते हैं क्योंकि तारों में कॉपर की जगह एल्युमिनियम का इस्तेमाल हो रहा है। इसलिए 25-30 रुपया प्रति पैकेट मार्केट सस्ता है। 10 मीटर देसी झालर 40 तो 12 मीटर चीन की झालर 50 रुपये तक मिलती है।
रंग-बिरंगी सीलिंग लाइटों की ज्यादा मांग
रंग-बिरंगी लाइटों के उपकरणों का कारोबार करने वाले राहुल शर्मा का कहना है कि दीपावली पर्व पर मुख्य रूप से सजावटी लैंप, सीलिंग लैंप व फ्लोर लैंप ज्यादा बिकते हैं। इनकी कीमत 1 हजार से 25 सौ रुपये तक है। कुछ लोग सीलिंग झूमर व झालरनुमा झूमरों को खरीदने में रुचि दिखाते हैं। यह 12 हजार की ऊपर की रेंज के होते हैं।

