- बाजारों में पसरा सन्नाटा, पुलिस ने बाजारों में किया पैदल मार्च
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नगर में कोरोना महामारी संक्रमण के दौरान लगे दो दिन के लॉकडाउन का पूरी तरह असर देखने को मिला। लॉकडाउन के चलते बाजार पूरी तरह बंद रहे और अधिकांश गली मौहल्लों में भी सन्नाटा पसरा रहा।
प्रदेश सरकार ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रदेश भर में शनिवार व रविवार को साप्ताहिक लॉकडाउन लगाने के आदेश जारी किए है। आदेश का पालन कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से गंभीर नजर आ रहा है।
दूसरी ओर शनिवार को सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार शनिवार व रविवार की बंदी का नगर में पूरी तरह असर देखने को मिला।
बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों में कैद रहने पर मजबूर रहे। हालांकि कुछ गली मौहल्लों के रास्ते लोगों ने अति आवश्यक कार्यों के लिए आवाजाही की।
नगर में मेडिकल स्टोर व अस्पताल खुले रहे। थाना प्रभारी दिनेश गौड़ ने सभी व्यापारियों व आमजन से अपील करते हुए कहा कि लॉकडाउन का पूरी तरह पालन करें, कोई भी अनावश्यक घर से बाहर न निकले व जरूरी कार्यों से निकलने पर सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर व मास्क का सदैव प्रयोग करें।
पुलिस ने नगर के विभिन्न बाजारों के साथ ही गलियों के बाजारों में भी गश्त यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि कहीं किसी ने बेवजह लाकडाउन के दौरान दुकान तो नहीं खोली हुयी है। उधर मंडावली व नागंल सोती में भी बाज़ार पूरी तरह बंद रहे।

