- पुलिस ने 26 लाख की नकदी बरामद की, फरार आरोपियों की तलाश जारी
जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: गागलहेड़ी थाना पुलिस ने दिल्ली के कारोबारियों से एक रोज पहले हुई 27 लाख रुपए लूट की घटना का 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई रकम में से 26 लाख रुपये और अवैध असलाह व घटना में इस्तेमाल की गई वैगन आर कार बरामद की है।
दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीआईजी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि मंगलवार की रात गागलहेड़ी थाने में रोहित शर्मा पुत्र महेश चंद्र शर्मा निवासी शास्त्री पार्क एक्सटेंशन बुराड़ी दिल्ली द्वारा पुलिस को सूचना दी थी कि वह और उसके दो दोस्त मोहित तथा नटवर क्षेत्र के ग्राम सोना सैयद माजरा में संदीप चौधरी और उसके तीन साथियों सोनू, सचिन शर्मा व सचिन चौधरी से स्क्रैप का माल खरीदने के लिए सहारनपुर आए थे।
रोहित ने बताया कि पहले भी वह इन लोगों से दो बार स्क्रैप खरीद चुके थे। इस बार संदीप चौधरी ने कहा था कि हमारे पास माल ज्यादा है। कम से कम 40 लाख रुपये की व्यवस्था करके सहारनपुर आना।रोहित के मुताबिक इसीलिए 23 मार्च की दोपहर वह लोग दिल्ली से अपनी गाड़ी में इनके आॅफिस पहुंच गए थे।
स्क्रैप कारोबारी ने आरोप लगाया कि जब वह यहां पहुंचे तो उन्हें माल नहीं दिया गया और बहाने बनाकर पूरे दिन गाड़ी में इधर-उधर घुमाते रहे फिर रात का समय हो जाने पर इन चारों ने हथियारों की नोक पर और लाठी-डंडों से हमला कर उसे और उसके एक साथी मोहित को घायल कर 27 लाख रूपए लूट लिए।
एसएसपी ने बताया कि लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी सिटी राजेश कुमार के निर्देशन व सीओ सदर अजेंद्र के नेतृत्व में थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय व वरिष्ठ उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह नागर ने टीम के साथ घेराबंदी करते हुए बुधवार को 24 घंटे के भीतर ही आरोपी संदीप चौधरी और उसके एक साथी सोहनवीर को मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों सोहन वीर उर्फ सोनू पुत्र पूरन चंद निवासी नगला महापत थाना राया जनपद मथुरा व कांट्रेक्टर संदीप कुमार पुत्र शशिपाल सिंह निवासी गांव करील थाना मुरसान हाथरस व हाल निवासी मोहल्ला कौशलपुर मंदिर वाली गली नंबर 2 थाना न्यू आगरा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 27 लाख में से 26 लाख रुपये बरामद कर लिए।
जबकि घटना में शामिल रहे दो आरोपी सचिन चौधरी पुत्र धर्मवीर निवासी गांव नगला महापत थाना राया जनपद मथुरा व सचिन पुत्र विनोद पाठक निवासी गांव सोनई थाना राया जनपद मथुरा अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े हैं।उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पकडे बदमाशों से पुलिस ने लूटे गए 27 लाख रुपए में से 26 लाख रुपये की नगदी बरामद, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, लाइसेंसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस एक तमंचा, एक खोका और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। एसएसपी ने बताया कि लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को डीआईजी ने रुपये 25000 का इनाम घोषित किया है।

