- दर्जन भर गंभीर, तेजगढ़ी के निकट हुए हादसे के बाद मौके से चालक ट्रक समेत फरार
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेडिकल थाना क्षेत्र के तेजगढ़ी चौराहे पर विवि के समीप शनिवार तड़के करीब चार बजे बरेली से मेरठ लौट रही सोहराबगेट डिपो की बस पलट गयी। हादसे में करीब दर्जन भर सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गयी। मौके पर सवारियों की चीख-पुकार मच गयी। रोडवेज बस में टक्कर मारने वाला चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची मेडिकल पुलिस ने सवारियों को किसी प्रकार संभाला।
घायल तमाम सवारियों ने अपने परिजनों के काल कर मौके पर बुला लिया और उनके साथ चले गए। परिजनों ने ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल थाना पर सोहराब गेट डिपो की बस संख्या यूपी एटी-9533 के चालक महराज पुत्र इमरान निवासी रार्धना थाना किठौर ने तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि वह बस लेकर बरेली से लौट रहा था।
जब बस मेडिकल थाना के तेजगढ़ी चौराहे के समीप पहुंची तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक संख्या पीबी-13 एन-9050 ने पीछे से आकर जोरदार टक्कर मारी। परिणाम स्वरूप ट्रक की टक्कर से बस पलट गयी। बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। हादसे के वक्त बस में परिचालक गजराज पुत्र चंद्रपाल निवासी ईलाना थाना औरंगाबाद बुलंदशहर भी मौजूद थे।
सड़क दुर्घटना में घायल किशोर की मौत
मोदीपुरम: बीते चार दिसंबर को लावड़ निवासी 17 वर्षीय किशोर शान पुत्र नसीम बाइक से दोस्त के साथ मवीमीरा मार्ग पर जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन के कारण बाइक की टक्कर हो गई थी। जिससे शान बुरी तरह घायल हो गया था। परिजनों ने घायल किशोर को मोदीपुरम हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां गंभीर हालत के चलते उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया था। जहां शनिवार को इलाज के दौरान किशोर ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। शान चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उससे बड़ी एक बहन और दो बड़े भाई हैं। उसके पिता नसीम पायदान बनाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। देर रात तक शान का शव घर नहीं आया था।

