जनवाणी ब्यूरो|
यूपी: सावन के तीसरे सोमवार की रात अवसानेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का समय भारी पड़ गया। रविवार आधी रात करीब 2 बजे मंदिर के बाहर गैलरी में लगे टिन शेड के लोहे के पोल में करंट आ गया, जिससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दर्दनाक हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 38 लोग घायल हो गए हैं।
रविवार देर रात से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़ी थी। गोमती नदी में स्नान कर श्रद्धालु आधी रात 12 बजे से मंदिर की ओर बढ़ने लगे थे। रात 1:30 बजे जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, श्रद्धालु “बम बम भोले” के जयकारे लगाते हुए दर्शन को आगे बढ़े।
मंदिर की गैलरी में लोहे के पोल में करंट उतरा
करीब आधे घंटे बाद 2:00 बजे मंदिर की गैलरी में लोहे के पोल में करंट उतरने से कई श्रद्धालु झुलस गए। झटका लगते ही लोग अफरा-तफरी में इधर-उधर भागने लगे। ज्यादा भीड़ होने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए हैदरगढ़ और त्रिवेदीगंज सीएचसी भेजा गया।
त्रिवेदीगंज सीएचसी में इलाज के दौरान लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर निवासी प्रशांत (22) और एक अन्य युवक की मौत हो गई। बाकी घायलों में से सात की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर श्रद्धालुओं को शांत कराया। हादसे के कारणों की जांच जारी है, और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

