जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे सदन में पहुंची। उन्होंने जैसे ही अपना अभिभाषण प्रारम्भ किया, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल समेत प्रमुख विपक्षी दलों के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा कर रहे विधायक हाथ में प्ले कार्ड लेकर सरकार विरोधी नारेबाजी लगाते हुए वेल तक पहुंच गए, और राज्यपाल वापस जाओ के नारे लगाने लगे।
विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच राज्यपाल बिना रुके अभिभाषण पढ़ती रहीं। उन्होंने योगी सरकार की पांच साल की उपलब्धियों का सिलसिलेवार ब्योरा पेश किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सबका साथ-सबका विकास सबका विश्वास और सबके प्रयास के मंत्र को लेकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सदन की कार्यवाही करीब 20 मिनट के लिए स्थगित रही। इसके बाद अपराह्न 12.30 बजे वंदेमातरम के साथ सदन की कार्यवाही शुरू हुई। विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन को आगामी बैठकों के लिए निर्धारित एजेंडे की जानकारी दी। इस दौरान कुछ महत्वपूर्ण विधेयक व अध्यादेश पारित किए गए। इसके बाद विधान सभा अध्यक्ष ने मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।

