जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: जनपद पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने मंगलवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जारी आदेश के अनुसार प्रभारी निरीक्षक थाना नानौता निरीक्षक नवीन कुमार सैनी, प्रभारी निरीक्षक थाना गंगोह निरीक्षक संजीव कुमार, थाना नागल के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सन्दीप कुमार, थाना बड़गांव के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अमित कुमार तथा थाना नकुड़ के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक सुरेश कुमार को अपराध शाखा सहारनपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक थाना देवबंद निरीक्षक रोजन्त त्यागी को पुलिस लाइन सहारनपुर भेजा गया है।
इसके साथ ही अपराध शाखा में तैनात निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध को थाना नानौता का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त निरीक्षक कोतवाली देहात निरीक्षक संजय कुमार को थाना नागल का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। प्रभारी निरीक्षक थाना सदर बाजार निरीक्षक कपिल देव को देवबंद थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक चन्द्रसैन सैनी को थाना सदर बाजार का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रभारी निरीक्षक थाना कुतुबशेर निरीक्षक हृदय नारायण सिंह को कोतवाली देहात भेजा गया है। वहीं प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली देहात निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा को थाना नकुड़ का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। सर्विलांस सेल प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी को थाना कुतुबशेर का प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश कुमार को थाना गंगोह की कमान सौंपी गई है।
फेरबदल के तहत कोतवाली देहात क्षेत्र की शेखपुरा कदीम चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार को थाना बड़गांव का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस व्यापक बदलाव के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। कई थानों में नए प्रभारी निरीक्षकों के आने से पुलिसिंग व्यवस्था में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।
एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें तथा अनुपालन आख्या वरिष्ठ कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस फेरबदल से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के साथ अपराध नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।

