जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मसेरन के पास तरांगला के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और नीचे खेतों में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायल यात्रियों को तुरंत सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों ने की राहत और बचाव की पहल
हादसा होते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। पुलिस और प्रशासनिक टीमें भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल या अन्य बड़े केंद्रों में रेफर करने की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
बताया जा रहा है कि बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है, लेकिन वाहन की तकनीकी खामी या चालक की चूक की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

