जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: दिनांक ग्यारह अक्टूबर 2020 को महऋषि दधीचि योग ट्रस्ट के तत्वाधान में रिजर्व पुलिस लाइन बिजनौर में योग कार्यक्रम का शुभारंभ “आगे- आगे बढ़ना है तो मन को मारे मत बैठो” प्रेरणा गीत के साथ किया गया । सभी पुलिस प्रशिक्षुओं को सामाजिक दूरी का पालन कराते हुए आसन ग्रहण कराया गया।
पुलिस ट्रेनिंग प्रभारी अनिल कुमार त्यागी जी ने योगाचार्य सर्वजीत त्यागी जी के साथ मिलकर कार्यक्रम प्रारंभ कराया। ट्रेनिंग पर अन्य जनपदों से आए प्रशिक्षुओं एवं पुलिस लाइन स्टाफ ने कार्यक्रम में बड़े ही उत्साह से भाग लिया, योगाचार्य जी सर्वजीत त्यागी जी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस प्रकार योग हमारे जीवन को कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी आनंद पूर्ण बना देता है योगाचार्य जी ने प्रशिक्षुओं को पुलिस द्वारा समाज में सराहनीय कार्य करते हुए अपने को तनाव से किस प्रकार मुक्त रखना है इस विषय पर विस्तार से समझाया जिसे सभी ने आत्मसात किया,
योगाचार्य जी ने बताया कि आसन एवं प्राणायाम के द्वारा हमें अपनी सांसो को संतुलन में रखना है यह संतुलन ही है जो समस्त प्रकृति को संभाले हुए हैं योग के द्वारा हम यही संतुलन बनाते हैं यदि हमने अपने आप को संतुलित रखना सीख लिया तो फिर हम जिस क्षेत्र में भी जाएं सफल होंगे मनुष्य को अपना जीवन हर क्षण हर पल जिंदादिली से जीना चाहिए । हमारे जीवन में यदि तनाव आए तो हमें किस प्रकार योग द्वारा तनाव को भगाना है। इस विषय पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।

योगाचार्य जी द्वारा सूर्य नमस्कार, वृक्षासन, गरुड़ासन, अर्ध कटिचक्रासन, योग निद्रा, सर्वांगासन एवं हलासन आदि कराए और विभिन्न प्राणायाम भी कराए जिसका सभी ने रुचि पूर्ण अभ्यास किया।
सशस्त्र सीमा बल से आए रविकांत त्यागी जी ने कार्यक्रम का संचालन किया एवं प्रशिक्षुओं को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया व योग की महत्वता पर प्रकाश डाला। इस कार्यक्रम में जेटीसी मेजर सुखपाल सिंह, हेड कॉन्स्टेबल परवेंद्र, पवनेश, एवम समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहे।

