जनवाणी ब्यूरो |
रुड़की: नेहरू स्टेडियम में आत्मनिर्भर भारत योजना के अंतर्गत नगर निगम रुड़की द्वारा स्वदेशी स्वरोजगार दीपावली महोत्सव के रूप में स्वदेशी निर्मित वस्तुओं को प्रोत्साहन देने के लिए मेले का आज चौथे दिन पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन द्वारा फीता काटकर शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन अवसर पर मेयर गौरव गोयल, नगर आयुक्त मुकुल वर्मा तथा सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट मौजूद रहे।अपने संबोधन में पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन ने कहा कि स्वदेशी उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के मेले तथा महोत्सव की आवश्यकता है, जिससे जहां निर्बल वर्ग को सशक्त बनाने में मदद मिलती है, वहीं आत्म निर्भर भारत का भी निर्माण होता है।
उन्होंने कहा कि आज सभी देशवासियों को स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करना चाहिए तथा विदेशी चीनी सामान का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाना चाहिए।
मेयर गौरव गोयल तथा नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने कहा कि स्थानीय उत्पाद ग्रामीण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाता है और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए देश में निर्मित सामान का उपयोग किया जाना चाहिए तभी ऐसे मेलों का सार्थक होना माना जाएगा।
इस अवसर पर चौधरी धीर सिंह भाजपा नेता, अंकित शर्मा, ब्रांड एंबेसडर अंजुम गौर, अनूप शर्मा, आलोक सैनी, सार्थक गोयल, सुभाष कश्यप, नीरज अग्रवाल आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

