जनवाणी ब्यूरो |
शामली: कृषि उत्पादन मंडी परिसर के बाहर शुल्क समाप्त करने के विरोध में चल रह व्यापारियों की छह दिवसीय हड़ताल आपसी सहमति बनने के बाद खत्म हो गई। बुधवार को व्यापारियों ने मंडी में गुड़ लेकर पहुंचे कोल्हू संचालकों से गुड़, शक्कर की खरीद की।
केन्द्र सरकार द्वारा कृषि उत्पादन मंडी परिसर के बाहर व्यापार करने पर शुल्क समाप्त करने के खिलाफ मंडी व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्याम बिहारी मिश्रा के आदेश पर 21 सितंबर से आगामी 26 सितंबर तक हडताल पर रहने की घोषण की थी। लेकिन कोल्हू संचालकों की परेशानियों, मंडी के कामगारों के सामने उत्पन्न आर्थिक तंगी के कारण व्यापारियों ने हड़ताल को लेकर मंथन किया।
स्थानीय व्यापारियों में आपसी सहमति न बनने के बाद हड़ताल खत्म कर दी गई। व्यापारियों ने बताया कि गुड़ का सीजन चल रहा है। कोल्हू संचालक मंडी में अपना माल लेकर आ रहे है। यदि माल नही खरीदा गया तो वह दूसरे निकटवर्ती प्रदेशों में अपना माल सीधे बेच देंगे। जिससे व्यापारी को काफी नुकसान होगा। वही मंडी व्यापार मण्डल शामली पूर्व अध्यक्ष पवन गोयल ने बताया कि व्यापारियों की बैठक आयोजित कर सहमति ली गई और हडताल खत्म कर दी गई।

