- मृतका के भाई ने लगाया दहेज के लिए हत्या करने का आरोप
- मृतका के पति, सास, जेठ व देवर के खिलाफ दी पुलिस को तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
मंडावली: क्षेत्र के ग्राम साहबपुरा उमराव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मृतका के भाई ने उसके पति समेत ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को धर्मेंद्र पुत्र स्वर्गीय सीताराम निवासी धर्मसा नंगली थाना नगीना ने मंडावली पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि उसकी बहन शिवानी (लगभग 22 वर्ष) पुत्री स्वर्गीय सीताराम की शादी 17 मई 2020 को ग्राम साहबपुरा उमराव निवासी प्रदीप पुत्र स्वर्गीय महावीर के साथ हुई थी।
प्रदीप के परिवार वाले उसकी बहन शिवानी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। ससुरालीजन दहेज में 75 हजार रुपए नकद तथा एक वॉशिंग मशीन आदि की मांग करते थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी मेंं बुधवार को भी विवाद हुआ था। शिवानी ने फोन पर इसकी सूचना दी थी और कहा था कि ससुराल वाले उसे मारना चाहते हैं।
जबकि गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे उसे फोन पर सूचना दी गयी कि तुम्हारी बहन ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। तहरीर में मृतका शिवानी के भाई धर्मेन्द्र की ओर से पति प्रमोद, उसके बड़े भाईसुशील व अनिल, छोटे भाई संजीव, सास मंजू लता पर अपनी बहन की दहेज के लालच में हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका के भाई की ओर से मिली सूचना के बाद मंडावली पुलिस गांव में पहुंच गयी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गयी। पुलिस ने गांव में लोगों से पूछताछ की।

