- दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर पाया आग पर काबू
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: परतापुर थानांतर्गत गगोल रोड पर स्थित एक प्लास्टिक रिसाइक्लिंग फैक्ट्री में आग लग गई। आग जब तक विकराल रूप धारण करती मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पा लिया। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि आग से नुकसान होने से बच गया।

पल्लवपुरम निवासी अमित राणा की परतापुर क्षेत्र में गगोल रोड पर वंशिका कम्युनिकेशन के नाम से प्लास्टिक रीसाइकलिंग की फैक्ट्री है। रविवार शाम समय तकरीबन पौने छह बजे फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। रविवार की छुट्टी होने के कारण फैक्ट्री के सभी दरवाजों पर ताला लगा हुआ था। सूचनापर मौके पर पहुंचे चार फायर टेंडर ने फैक्ट्री से निकल रही गगनचुंबी लपटों पर पानी डालना शुरू कर दिया।
फैक्ट्री के अंदर तेजी से बढ़ रही आग के कारण चारों तरफ काला धुआं छाया हुआ था। आग पर काबू पाने के दौरान जिसने भी फायर फाइटर का साहस देखा उसने अपनी अंगुलियों को दांतों तले दबा दिया। फायर फाइटर की सूझबूझ की वजह से फैक्ट्री और बड़ी कीमत का माल राख होने से बच गया। एफएसओ शांतनु यादव और एफएसएसओ राकेश सिंह का कहना है कि फैक्ट्री में आग लगने का इनपुट मिलते ही टीमों को परतापुर फायर स्टेशन से रवाना किया गया।

काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं फैक्ट्री मालिक अमित राणा ने बताया कि आग से थोड़ा बहुत नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड के कारण वहां मौजूद मशीनें और पैनल आदि पूरी तरह से बच गये है। फैक्ट्री की लाइट काट दी गई है और आग पर काबू पा लिया गया है।

