जनवाणी संवादादता |
मेरठ: लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में तीमारदार और मरीज के साथ जूनियर डॉक्टरों ने जमकर अभद्रता व गाली गलौज की। बताया जा रहा कि गंभीर हालत में लाई गई महिला मरीज को वार्ड से बाहर ले जाने के लिए कहा गया। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ।
तीमारदार अमित नाम के युवक ने घटना की शिकायत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजकुमार तथा मेडिकल प्रशासन के दूसरे अधिकारियों से की है। अमित ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाली लक्ष्मी नाम की महिला को सांस लेने में बहुत ज्यादा दिक्कत हो रही थी और उसकी नाजुक हालत को देखते हुए वह महिला को मेडिकल कॉलेज लेकर आए, लेकिन यहां बजाय उपचार के डॉक्टरों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी।
इस मामले को लेकर मेडिकल के प्राचार्य डॉ ज्ञानेंद्र कुमार का कहना है कि आरोपी जूनियर डॉक्टरों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। तीमारदार और मरीज से दुर्व्यवहार करना हमारे पेशे के खिलाफ है। डॉक्टरों को बीमारी से जूझ रहे मरीज की मनो स्थिति को समझना चाहिए यह गंभीर है। इसमें अवश्य कार्रवाई की जाएगी।

