- पूर्व माध्यमिक विद्यालय में आनलाइन किया गया चयन
जनवाणी ब्यूरो |
बिजनौर: किरतपुर विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हकीकतपुर प्रयाग में मीना दिवस पर आॅनलाइन चयन प्रक्रिया के माध्यम से पायल कक्षा आठ को विद्यालय की मीना चुना गया। खंड शिक्षा अधिकारी शिव कुमार ने विद्यालय की नव चयनित मीना को मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
कोविड-19 के चलते सरकारी पाठशालाएं सूनी पड़ी है बच्चें घरों पर है। आॅनलाईन क्लास या वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ही शिक्षण किया जा रहा है। ऐसे में विकास खंड किरतपुर के पूर्व माध्यमिक हकीकतपुर प्रयाग में मीना दिवस पर विद्यालय को आॅनलाइन चयन प्रक्रिया से नई मीना मिली है।
चयन प्रक्रिया के लिए प्रधानाध्यापक गुलशन गुप्ता ने आनलाइन सभी विद्यार्थियों को मीना के कक्षा आठ पास कर विद्यालय से चले जाने पर नई मीना चयन की जानकारी दी। बच्चों को अपना मत फोन अथवा वाटसएप के मध्यम से गुरू जी को बताना था। चयन हेतु अांशी, पायल, लक्ष्मी, रिया ने भाग लिया।
बच्चों ने आनलाइन अपना मत गुरू जी को बताया। पायल 18 मत पाकर मीना चयनित हुई। रिया को 17 मत प्राप्त हुए। मजेदार बात यह है कि पायल की जीत में निर्णायक बना एक वोट दूसरे नंबर पर रही रिया का रहा। रिया ने खुद उम्मीदवार होते हुए अपनी सहेली पायल को वोट किया और पायल एक वोट से विजयी होकर मीना चुनी गई।
बीईओ शिव कुमार ने रिया के इस जज्बे को सराहा और रिया की पीठ थपथपाई और नवचयनित मीना को मुकट पहनाया।
इस अवसर पर सोनिया ने दहेज एक अभिशाप, अंशुल ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सागर ने आत्म सुरक्षा, आदित्य ने नशा करे नाश, रिया ने भ्रूण हत्या मत करो विषय पर पोस्टर बनाए। कार्यक्रम में शिक्षक दीपक कुमार, अघ्यापिका व सुगमकर्ता श्रीमती बबीता व रीना रानी आदि शामिल रहे।

