जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: भारतीय संगीत जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने रविवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
करीब सात दशकों तक अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं के दिलों पर राज करने वाली आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।
बेटे ने की पुष्टि
गायिका के बेटे आनंद भोसले ने उनके निधन की पुष्टि की है। उनके जाने की खबर से परिवार, प्रशंसकों और संगीत जगत को गहरा आघात लगा है।
सीने में संक्रमण के कारण हुई थी भर्ती
शनिवार को उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी थी कि अत्यधिक थकावट और सीने में संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इलाज के दौरान दुनियाभर से फैंस उनकी सलामती के लिए दुआएं कर रहे थे, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
अस्पताल और घर के बाहर जुटे फैंस
गायिका की तबीयत खराब होने की खबर के बाद से ही ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर और उनके आवास पर फैंस की भीड़ जुटने लगी थी। सभी को उम्मीद थी कि वह स्वस्थ होकर लौटेंगी, लेकिन उनका निधन होने से फैंस की उम्मीदें टूट गईं।
अमर रहेंगी उनकी आवाज
आशा भोसले ने अपने करियर में हजारों गानों को अपनी आवाज दी और हिंदी के साथ-साथ कई भारतीय और विदेशी भाषाओं में भी गायन किया। उनकी गायकी का जादू आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

