- मुस्तफा हत्याकांड में व्यापारी का नौकर गिरफ्तार
जनवाणी संवाददाता |
झिंझाना: बूरा-बताशे व्यापारी के पूर्व नौकर ने दो लाख रुपये के लालच में व्यापारी मुस्तफा की हत्या बूरा-बताशे व्यापारी के साथ मिलकर गांव बीबीपुर के जंगल में सिर में गोली मारकर की थी। पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर तीन सगे भाईयों सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साथ ही, हत्यारोपी आरोपी नौकर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर उसके खिलाफ चालानी कार्यवाही की है। हालांकि मुख्य आरोपी बूरा-बताशे व्यापारी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
कस्बे के मौहल्ला तलाही निवासी अफजाल उर्फ गुडडू ने 29 जनवरी को झिंझाना थाने पर गुमशुदगी दर्ज कराई दी थी कि उसका पिता मुस्तफा (65) घर से कहीं गए और फिर वापस लौटकर नहीं आए। आसपास के सीसीटीवी फुटेल खंगालने पर पता चला कि मुस्ताफ 29 जनवरी की शाम 5:20 बजे दो व्यक्तियों के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव के निर्देश पर पुलिस ने जांच पड़ताल प्रारंभ की तो बाइक चला रहे युवक की शिनाख्त रवि कश्यप निवासी ग्राम हौशंगपुर तथा उसके पीछे बैठे दूसरे व्यक्ति की पहचान नगर के बूरा-बताशा व्यापारी विजय के रूप में हुई।
पुलिस ने सोमवार को रवि कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। उसके बाद उसकी निशानदेही गांव वैदखेड़ी के जंगल से मुस्तफा का सिर में गोली लगा शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। रवि की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और खोखा कारतूस भी बरामद किया गया।
हत्यारोपी रवि ने बताया कि विजयपाल के मुस्तफा पर रुपये उधार थे। साथ ही, विजयपाल ने उसको दो लाख रुपये का लालच देकर मुस्तफा को ले जाने के लिए कहा था। विजय ने मुस्तफा पर चार लाख रुपये होने की बात उसके पुत्र को बुलाकर भी कही थी। साथ ही, मुस्तफा को ठिकाने लगाकर उसके लड़के से रुपये लेकर दो-दो लाख रुपये लेने का वादा हुआ था।
इसके बाद व्यापारी विजयपाल ने योजना के अनुसार मुस्तफा को बुलाया और फिर वह और रवि बहाने से मुस्तफा को वैदखेड़ी के जंगल में ले गए। विजयपाल ने तमंचे से मुस्तफा के सिर मे गोली मार दी। मुस्तफा की मौत के बाद रवि ने भी तमंचे से फायर किया और फरार हो गए।
मंगलवार को थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह ने बताया कि मुस्तफा की हत्या में आरोपी रवि की निशानदेही पर बीबीपुर के जंगल से हत्याकांड में प्रयुक्त तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ चालानी कार्यवाही की गई है।

