जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: श्रीनगर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया है। एक समाचार एजेंसी के अनुसार मुठभेड़ श्रीनगर के बटमालू इलाके में चल रही है। पुलिस और सीआरपीएफ के जवान मोर्चे पर हैं, दहशतगर्दों की तलाश जारी है।
इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मंगलवार को हिजबुल मुजाहिद्दीन आतंकी संगठन के एक गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने बताया कि सूचना मिली थी कि कश्मीर के तीन युवकों का एक संगठन पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में है।
संगठन के तीनों युवकों की पहचान गुटलीबाग निवासी अर्शिद अहमद खान, गांदरबल निवासी माजिद रसूल और मोहम्मद आसिफ नजर के रूप में की गई। तीनों लोग पाकिस्तानी आतंकी फयाज खान के संपर्क में थे। वही उन्हें इलाके में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के निर्देश देता था।
#UPDATE One identified terrorist has been neutralised in the ongoing encounter in Srinagar. Search underway. Further details awaited: Kashmir Zone Police https://t.co/Sz5NsZEIDJ
— ANI (@ANI) September 17, 2020
इस ऑपरेशन को गांदरबल पुलिस और 5 आरआर की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया था। गिरफ्तारी के बाद तीनों से पूछताछ की गई जिसमें उनकी निशानदेही पर हथियार और इलैक्ट्रिक उपकरण बरामद किए गए।
उनके संगठन को पाकिस्तानी आका द्वारा आसपास के इलाकों में सुरक्षाबलों पर हमले के निर्देश दिए जाते थे। तीनों के खिलाफ गांदरबल पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है।
गांदरबल एसएसपी खलील अहमद पोसवाल ने पूरे ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि घाटी के युवाओं को चिन्हित करके सीमा पार बैठे आतंकी अपने संगठनों में शामिल करने का प्रयास करते रहते हैं।
उनसे तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए संपर्क किया जाता है और युवाओं के अभिभावक को इसकी भनक तक नहीं लगती। उन्होंने बताया कि पुलिस इस संबंध में गहन जांच-पड़ताल कर रही है।

